Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

जेवर के किसानों का सपना हुआ सच, पहली बार हवाई सफर कर CM योगी को कहा धन्यवाद

जेवर के किसानों ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली बार हवाई यात्रा कर नया इतिहास रचा। जमीन देने वाले किसानों ने लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया और कहा कि एयरपोर्ट ने क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदल दी है।

लखनऊ/गौतमबुद्ध नगर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को शुरू हुई पहली व्यावसायिक उड़ान केवल एक हवाई यात्रा नहीं थी, बल्कि जेवर के किसानों के लिए सपनों की उड़ान साबित हुई। जिन किसानों ने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन दी थी, वे पहली बार विमान में बैठकर लखनऊ पहुंचे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।

जेवर क्षेत्र के कई किसानों के लिए यह जीवन का पहला हवाई सफर था। वर्षों पहले जिन खेतों में वे खेती करते थे, आज उसी जमीन पर बने विश्वस्तरीय एयरपोर्ट से उड़ान भरना उनके लिए गर्व और भावुकता का क्षण बन गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान किसानों ने कहा कि सरकार ने केवल एयरपोर्ट का निर्माण नहीं किया, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास की नई कहानी लिखी है। किसानों का कहना था कि इस परियोजना से रोजगार, निवेश, शिक्षा और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे आने वाली पीढ़ियों का भविष्य मजबूत होगा।

महिला किसान पूनम ने बताया कि उन्होंने पहली बार हवाई जहाज में यात्रा की है। उन्होंने कहा कि यह अवसर उनके जीवन के सबसे यादगार पलों में शामिल हो गया है। वहीं किसान धर्मवीर शर्मा ने कहा कि सरकार ने यह साबित किया है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही वास्तविक सुशासन है।

किसान हीरा रशीद ने कहा कि लखनऊ तक की हवाई यात्रा उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसी है। वहीं हाजी जफर ने कहा कि हवाई चप्पल पहनने वाले किसानों को हवाई जहाज में बैठाकर सरकार ने एक नई मिसाल कायम की है।

भूमि अधिग्रहण के दौरान अपनी जमीन देने वाले किसान इकबाल कल्लू ने बताया कि एयरपोर्ट के निर्माण में किसानों की सहमति और सम्मान का पूरा ध्यान रखा गया। आज उसी एयरपोर्ट से उड़ान भरना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

महिला किसान सुमन और मीनू ने बताया कि पहली बार आसमान से अपने गांव और खेतों को देखना बेहद भावुक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट बनने के बाद क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़ी है।

बुजुर्ग किसान जयवीर और जयकरण सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर लेकर आया है। यह परियोजना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू हुई पहली उड़ान ने यह संदेश दिया है कि विकास परियोजनाओं में किसानों की भागीदारी और सम्मान दोनों साथ-साथ चल सकते हैं। जेवर के किसानों के लिए यह दिन केवल यात्रा का नहीं, बल्कि उनकी विकास यात्रा का ऐतिहासिक पड़ाव बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button