गोरखपुर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, नितिन नबीन और योगी आदित्यनाथ निकालेंगे ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा
गोरखपुर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और सीएम योगी आदित्यनाथ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालेंगे। जानिए जनसभा, पदयात्रा का रूट और शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं की पूरी जानकारी।
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृहक्षेत्र गोरखपुर में अपनी संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में जनसभा और पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने के साथ संगठन की एकजुटता का संदेश देने की तैयारी में है।
कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में विशाल जनसभा से होगी। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे।
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से गोलघर तक निकलेगी पदयात्रा
भाजपा की प्रस्तावित पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर गोलघर स्थित काली मंदिर के निकट सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी। यहां प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद पदयात्रा का समापन होगा।
इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और सहयोगी दलों के नेता भी शामिल होंगे। पदयात्रा के लिए पूरे मार्ग पर विशेष तैयारियां की गई हैं। पार्टी की ओर से रास्ते में 18 स्वागत स्थल बनाए गए हैं, जहां नेताओं का स्वागत किया जाएगा।
एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक छह स्वागत स्थल तैयार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बुधवार सुबह 11 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक छह स्वागत स्थल बनाए गए हैं। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग स्थानों पर स्वागत की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा पदयात्रा के रास्ते में भी स्वागत और जनसंपर्क की व्यवस्था की गई है। भाजपा संगठन इस कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित कर रहा है, ताकि शहर में पार्टी की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की भागीदारी दिखाई दे।
सहयोगी दलों के प्रमुख नेता भी होंगे शामिल
जनसभा और पदयात्रा में भाजपा के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी भी रहेगी। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, हरीश द्विवेदी और राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा शामिल होंगे।
इसके साथ ही निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और अपना दल की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इन नेताओं की भागीदारी को पूर्वांचल में गठबंधन की राजनीतिक और संगठनात्मक सक्रियता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पदयात्रा के बाद प्रबुद्ध वर्ग के साथ बैठक
जनसभा और पदयात्रा के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन एनेक्सी भवन में प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख लोगों के साथ संवाद किया जाएगा।
इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी के जनप्रतिनिधियों और संगठन की कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।
पांच नवंबर को गोरखनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन-पूजन
गोरखपुर प्रवास के दौरान नितिन नबीन रात्रि विश्राम भी शहर में करेंगे। पांच नवंबर की सुबह वह गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और वर्तमान संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
बैठकों के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष दिल्ली के लिए रवाना होंगे। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के इस कार्यक्रम को पूर्वांचल में संगठन को सक्रिय करने और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय मजबूत करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।


