Breaking NewsE-paperMain Slidesराजनीति

स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं को योगी की सौगात, कौशल-रोजगार-उद्यमिता पर फोकस करेगी नई नीति

UP Youth Policy 2026: स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई यूथ पॉलिसी लाने का ऐलान किया। नीति में युवाओं के कौशल, नवाचार, रोजगार, AI, मशीन लर्निंग और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग पर विशेष जोर रहेगा।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही नई यूथ पॉलिसी लेकर आएगी। इस नीति के जरिए युवाओं के कौशल विकास, नवाचार और रोजगार को एकीकृत दृष्टिकोण के साथ बढ़ावा दिया जाएगा।

विधान भवन में ध्वजारोहण के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा ही उत्तर प्रदेश की वास्तविक शक्ति है। सरकार प्रदेश के डेमोग्राफिक डिविडेंड को विकास के इंजन में बदलने के लिए काम कर रही है। उनका लक्ष्य है कि हर युवा के हाथ में स्किल, इनोवेशन और रोजगार के अवसर हों।

एआई और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि Gen-Z और Gen-Alpha के युवाओं के लिए भविष्य की तकनीक के क्षेत्र में नए अवसर तैयार किए जाएंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए द्वार खोलने पर सरकार का जोर रहेगा।

योगी ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

अराजकता और अशिक्षा से मुकाबले का आह्वान

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को अराजकता और अशिक्षा से मुक्त कराने के साथ ही देश को बांटने और कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में गरीब, युवा, महिला और किसान की महत्वपूर्ण भूमिका है। इन वर्गों के लिए ईमानदारी और निष्ठा से काम करने पर विकास के बेहतर परिणाम सामने आएंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्तर प्रदेश के अलावा जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ब्रज क्षेत्र के कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी। ध्वजारोहण के बाद हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से तिरंगे वाले गुब्बारे हवा में उड़वाकर समारोह का समापन किया। इस दौरान राजधानी समेत पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह दिखाई दिया। घरों, दुकानों और सरकारी भवनों पर तिरंगा फहराया गया। विभिन्न शहरों में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं और प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगे की रोशनी और सजावट से सजाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button