नए साल पर Arjun Bijlani के परिवार में पसरा मातम, इस सदस्य का अचानक हुआ निधन
“टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी के परिवार में नए साल पर दुखद घटना हुई है। पत्नी नेहा स्वामी के पिता राकेश चंद्र स्वामी का 73 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। परिवार शोक में डूबा है।”
नई दिल्ली | नए साल 2026 की शुरुआत जहां पूरी दुनिया के लिए जश्न और खुशियों भरी रही, वहीं टीवी और ओटीटी स्टार अर्जुन बिजलानी के लिए यह दिन गहरे शोक के साथ शुरू हुआ। अभिनेता के परिवार में एक बेहद करीबी सदस्य का अचानक निधन हो गया, जिससे नए साल की खुशियां मातम में बदल गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन बिजलानी की पत्नी नेहा स्वामी के पिता राकेश चंद्र स्वामी का 73 वर्ष की उम्र में गुरुवार सुबह 1 जनवरी 2026 को निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, निधन से कुछ घंटे पहले तक उनकी तबीयत सामान्य थी और उन्होंने परिवार के साथ भोजन भी किया था।
बताया जा रहा है कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्ट्रोक को उनके निधन की वजह माना जा रहा है।
अर्जुन के लिए पिता समान थे ससुर
मालूम हो कि अर्जुन बिजलानी अपने ससुर के बेहद करीब थे। महज 19 साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता को खो दिया था और शादी के बाद राकेश चंद्र स्वामी में उन्होंने पिता की छवि देखी। ऐसे में यह क्षति अभिनेता के लिए व्यक्तिगत रूप से भी बेहद गहरी मानी जा रही है।
आज होगा अंतिम संस्कार
परिवार के एक करीबी सदस्य द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, राकेश चंद्र स्वामी का अंतिम संस्कार आज 1 जनवरी 2026 की शाम को मुंबई के ओशिवारा स्थित हिंदू श्मशान भूमि में किया जाएगा।
इस दुखद घड़ी में अर्जुन बिजलानी और उनके परिवार के प्रति टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारे और प्रशंसक सोशल मीडिया के जरिए संवेदना प्रकट कर रहे हैं।



