Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशगोरखपुरभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

गोरखपुर को मिला पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर, सीएम योगी ने ₹995 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का उद्घाटन किया और 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जनसभा में उन्होंने रोजगार, विकास, जल संरक्षण और अतिक्रमण हटाने पर जोर दिया।

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर को बड़ी विकास सौगात देते हुए शहर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। लगभग 429 करोड़ रुपये की लागत से बने इस फ्लाईओवर के उद्घाटन के साथ ही मुख्यमंत्री ने करीब 995 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री फ्लाईओवर पर पैदल चले और जनसभा को संबोधित किया।

रवि किशन पर मंच से ली हल्की चुटकी

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा सांसद रवि किशन पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान उन्होंने रवि किशन को पानी में उतरकर नाली साफ करते देखा था। मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने उनसे कहा कि अतिक्रमण हटवा दीजिए, पानी अपने आप निकल जाएगा।”

मुख्यमंत्री ने सांसद की ओर से दिए गए भोज का भी जिक्र किया। जब उन्होंने लोगों से पूछा कि कितनों ने भोजन किया था, तो कुछ लोगों ने हाथ उठाए। इस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कराते हुए कहा, “दोनों हाथ मत उठाइए, यानी चार लोगों को ही खाना मिला।” जवाब में रवि किशन ने कहा कि उन्होंने पूरे क्षेत्र के लोगों को भोजन कराया था।

जल संरक्षण और स्वच्छता पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश जल संसाधनों से समृद्ध राज्य है और इसका संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संरक्षण, पेड़ लगाने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नालों और नालियों पर अतिक्रमण से जलभराव और बीमारियां बढ़ती हैं। लोगों से अपील की कि कूड़ा सड़क या नालियों में न फेंकें बल्कि डस्टबिन अथवा कूड़ा संग्रहण वाहन में ही डालें।

विकास के साथ संरक्षण भी जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में तेज गति से विकास कार्य हो रहे हैं और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में नई परियोजनाएं शुरू हुई हैं। उन्होंने कहा कि अब रुस्तमपुर, आजाद चौक और ट्रांसपोर्ट नगर जैसे क्षेत्रों में जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण रोकने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

रोजगार पर विपक्ष को घेरा

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में पक्षपात होता था, जबकि अब भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। इसके अलावा सवा तीन करोड़ युवाओं और कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़ा गया तथा 65 लाख लोगों को विभिन्न उद्योगों में रोजगार मिला है।

गोरखपुर की बदली तस्वीर का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय गोरखपुर मच्छरों, माफिया और अव्यवस्था के लिए जाना जाता था, लेकिन आज यह विकास और निवेश का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था और आधारभूत ढांचे के कारण निवेश बढ़ा है तथा गीडा क्षेत्र में हजारों लोगों को रोजगार मिला है।

995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, उनमें महिला श्रमजीवी छात्रावास, रेलवे अंडरपास एवं सर्विस रोड, साइंस म्यूजियम, महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, परिवहन कार्यशाला का उन्नयन तथा शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क और नाली निर्माण कार्य शामिल हैं।

विकास और जनभागीदारी का संदेश

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों का लाभ तभी स्थायी होगा जब जनता भी उनकी सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button