राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति का बढ़ा सियासी कद, मिला केंद्रीय कैबिनेट मंत्री का दर्जा
गृह मंत्रालय के फैसले से फतेहपुर समेत भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर, समर्थकों ने बताया मेहनत और निष्ठा का सम्मान
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष और फतेहपुर की पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति को भारत सरकार ने केंद्रीय कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया है। गृह मंत्रालय के इस फैसले से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
लखनऊ/फतेहपुर। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (एनसीबीसी) की अध्यक्ष और फतेहपुर की पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति का राजनीतिक कद एक बार फिर बढ़ गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने उन्हें केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के समकक्ष दर्जा प्रदान किया है। इस निर्णय के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।
साध्वी निरंजन ज्योति इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। वर्तमान में वह राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष के रूप में देशभर में पिछड़े वर्गों से जुड़े मामलों और नीतियों की निगरानी कर रही हैं।
गृह मंत्रालय द्वारा कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिए जाने के बाद इसे न केवल उनके राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण का सम्मान माना जा रहा है, बल्कि इसे पिछड़ा वर्ग समाज को राजनीतिक और सामाजिक रूप से मजबूत संदेश देने वाला कदम भी बताया जा रहा है।
फतेहपुर में भाजपा संगठन और समर्थकों ने इस फैसले का स्वागत किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह, राजेंद्र निषाद, शिव प्रताप सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ज्योति प्रवीण तथा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त की है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि साध्वी निरंजन ज्योति ने हमेशा संगठन और सरकार के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। यही कारण है कि केंद्र सरकार ने उन्हें यह महत्वपूर्ण सम्मान प्रदान किया है।
साध्वी निरंजन ज्योति ने भी इस अवसर पर कहा कि जनता और संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारियां दी हैं, वह उन्हें सेवा का अवसर मानती हैं और भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ पिछड़ा वर्ग समाज और देश की सेवा करती रहेंगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष पद को कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलने से आयोग की संस्थागत ताकत और प्रभावशीलता में वृद्धि होगी। साथ ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी इसका व्यापक संदेश जाएगा, क्योंकि राज्य में पिछड़ा वर्ग राजनीति हमेशा से निर्णायक भूमिका निभाता रहा है।
यह फैसला ऐसे समय आया है जब देश और विशेषकर उत्तर प्रदेश में सामाजिक प्रतिनिधित्व और पिछड़ा वर्ग राजनीति को लेकर नई चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में साध्वी निरंजन ज्योति को मिला यह दर्जा आने वाले समय में राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




