कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 12 मजदूर झुलसे; एयरफोर्स स्टेशन के पास हादसा

कौशांबी में मनौरी के पास पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। धमाके की आवाज 2 किमी दूर तक सुनाई दी। करीब 12 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे, रेस्क्यू जारी।
कौशांबी। प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर के मनौरी इलाके में सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर करीब 12 मजदूर मौजूद बताए जा रहे हैं, जो गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में फैक्ट्री से धुएं का बड़ा गुबार उठने लगा, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लगातार हो रहे धमाके, रेस्क्यू में परेशानी
बताया जा रहा है कि पटाखा फैक्ट्री मनौरी एयरफोर्स स्टेशन के बेहद करीब स्थित है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ एयरफोर्स की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
विस्फोट के बाद फैक्ट्री में रखे पटाखों के लगातार फटने की वजह से राहत और बचाव टीम को अंदर पहुंचने में मुश्किल हो रही है। फैक्ट्री रिहायशी बस्ती से कुछ दूरी पर एक मकान में संचालित होने की जानकारी सामने आई है।
झुलसे लोगों को चारपाई पर लेकर भागे लोग
हादसे के बाद सामने आए वीडियो में स्थानीय लोग झुलसे मजदूरों को चारपाई पर लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं। कई लोग गंभीर रूप से झुलसी हालत में जमीन पर पड़े नजर आए। घटनास्थल के आसपास आग और धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है।
मौतों की अभी पुष्टि नहीं
अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल हादसे में कितने लोगों की मौत हुई है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। आग पूरी तरह बुझने और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। प्रशासन और बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।




