Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशखेलभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

यूपी में खिलाड़ियों को मिलेगी सीधी सरकारी नौकरी, CM योगी बोले- ‘पदक लाओ, पद पाओ’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में ‘पदक लाओ, पद पाओ’ योजना के तहत खिलाड़ियों को सीधी भर्ती की सुविधा दी जा रही है। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स के पदक विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया जा रहा है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर भविष्य देने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से ‘पदक लाओ, पद पाओ’ योजना के तहत सीधी भर्ती की सुविधा दी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर यह बात कही। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मान, आर्थिक पुरस्कार और सरकारी नौकरी के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्रि की षष्ठी तिथि पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य में आस्था, विकास और विरासत के क्षेत्र में आए बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में भय और अराजकता का माहौल था। उनके मुताबिक, खेल के मैदानों पर भी माफिया का कब्जा था और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते थे।

खिलाड़ियों को मिल रहा प्रोत्साहन और सम्मान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में सुरक्षा, खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में बदलाव आया है। ओलंपिक (Olympics), कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games) और एशियन गेम्स (Asian Games) में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को लाखों-करोड़ों रुपये तक के पुरस्कार तथा ‘पदक लाओ, पद पाओ’ के तहत सीधी भर्ती जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रयासरत है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी के खिलाड़ियों ने बढ़ाया गौरव

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कई खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र किया। इनमें एथलेटिक्स में पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी, प्राची चौधरी और अन्नू रानी, जूडो में अस्मिता डे, क्रिकेट में दीप्ति शर्मा और मेघना सिंह, हॉकी में वंदना कटारिया तथा कुश्ती में दिव्या काकरान शामिल हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

सरकार की इस पहल का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर देना और खेलों को युवाओं के लिए एक बेहतर करियर विकल्प के रूप में स्थापित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button