संसद में डिंपल यादव का हमला, बोलीं- राम मंदिर चंदे पर जवाब दे सरकार

अयोध्या दान गबन मामले को लेकर संसद परिसर में सपा सांसदों का प्रदर्शन, ‘चंदा चोर गद्दी छोड़’ के लगे नारे; पेपर लीक पर भी गरमाई संसद।
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने अयोध्या राम मंदिर दान गबन मामले को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। संसद परिसर में सपा सांसदों ने “चंदा चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
डिंपल यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं ने भगवान राम के चरणों में आस्था और विश्वास के साथ दान दिया था, लेकिन उस धन के दुरुपयोग के आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा मामला सामने आने के बावजूद सरकार को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री लगातार अयोध्या का दौरा करते रहे, इसलिए इस पूरे मामले पर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। डिंपल यादव ने यह भी कहा कि एसआईटी का गठन केवल लोगों का ध्यान भटकाने की औपचारिकता है और समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को संसद के भीतर और बाहर पूरी मजबूती से उठाती रहेगी।
उधर, संसद में एंटी-पेपर लीक (संशोधन) विधेयक पर भी चर्चा जारी रही। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इस विधेयक पर बोलने की संभावना है। वहीं संसद परिसर में भाजपा सांसदों ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) पेपर लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।



