Breaking NewsE-paperMain Slidesराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

ब्रजेश पाठक ने किया योगाभ्यास, बोले- नियमित योग से ही रहेगा शरीर और मन निरोग

लखनऊ में के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में विशाल योग शिविर का आयोजन, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा, ‘एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य’ का दिया संदेश

लखनऊ के KD सिंह बाबू स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले विशाल योग शिविर का आयोजन हुआ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने योगाभ्यास कर नियमित योग को स्वास्थ्य का आधार बताया।

लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के पूर्व दिवस पर शनिवार सुबह राजधानी लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारम्भ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं तुलसी मानस मंदिर हरिद्वार के महंत कामेश्वर पुरी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने योगाभ्यास करते हुए उपस्थित लोगों को योग के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह नियमित योग करेगा और स्वस्थ रहेगा। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं बल्कि मन को भी स्वस्थ और संतुलित बनाता है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होगा, तभी प्रदेश और देश का समग्र विकास संभव है।

कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने योग को भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि योग ने आज पूरे विश्व में भारत की अलग पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 170 से अधिक देश 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रहे हैं, जो भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है। उन्होंने योग को केवल स्वास्थ्य साधन नहीं बल्कि मानव कल्याण की भावना से जुड़ी परंपरा बताया।

पूर्व मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह ने भी लोगों से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। वहीं तुलसी मानस मंदिर हरिद्वार के महंत कामेश्वर पुरी महाराज ने योग के माध्यम से संतुलित एवं स्वस्थ जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” के संदेश को आगे बढ़ाते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ एवं समर्थ भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया और देशभक्ति के माहौल में वंदे मातरम् का गायन किया।

कार्यक्रम के अंत में ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव मिश्र ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button