Breaking NewsE-paperउत्तर प्रदेशराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

तरुण गाबा ने संभाला लखनऊ पुलिस कमिश्नर का कार्यभार, कानून-व्यवस्था होगी सर्वोच्च प्राथमिकता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के क्रम में 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा ने बुधवार को लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

तरुण गाबा ने पुलिस अधिकारियों के साथ प्रारंभिक बैठक कर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और सभी अधिकारियों को कानून का सख्ती से पालन कराने तथा जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए।

मूल रूप से चंडीगढ़ के रहने वाले तरुण गाबा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) में कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच कर चुके हैं। वर्ष 2020 में उत्तर प्रदेश लौटने के बाद उन्होंने आईजी विजिलेंस, गृह सचिव, आईजी लखनऊ रेंज तथा एडीजी सुरक्षा जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दीं। प्रशासनिक अनुभव और सख्त कार्यशैली के कारण उन्हें प्रदेश के अनुभवी अधिकारियों में गिना जाता है।

लखनऊ से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। महाकुंभ की तैयारियों के बाद उन्हें आईजी लखनऊ रेंज बनाया गया था। जनवरी 2026 में एडीजी पद पर पदोन्नति मिलने के बाद उन्होंने एडीजी सुरक्षा का दायित्व संभाला। अब उन्हें प्रदेश की राजधानी की पुलिस व्यवस्था की कमान सौंपी गई है।

वहीं, पूर्व पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर को पदोन्नत कर पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। उनके कार्यकाल में राजधानी में कई बड़े आयोजनों, वीवीआईपी दौरों और संवेदनशील कानून-व्यवस्था की चुनौतियों का सफलतापूर्वक प्रबंधन किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button