बहराइच में 1.10 लाख मतदाता नोटिसों की सुनवाई लंबित, SIR के लिए सिर्फ 20 दिन शेष
“बहराइच में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत 5.41 लाख नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से 4.30 लाख मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। हालांकि अभी भी 1.10 लाख से अधिक नोटिस लंबित हैं और 27 मार्च तक सुनवाई पूरी करनी है।”
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत जारी किए गए नोटिसों की सुनवाई अभी भी बड़ी संख्या में लंबित है। प्रशासन के अनुसार कुल 5.41 लाख से अधिक नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से 4.30 लाख से अधिक मामलों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 1.10 लाख से अधिक नोटिसों पर सुनवाई अभी बाकी है।
निर्वाचन आयोग ने इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 27 मार्च तक की समय सीमा तय की है, लेकिन अब इस अवधि को पूरा होने में सिर्फ 20 दिन शेष रह गए हैं।
बड़ी संख्या में दर्ज हुईं आपत्तियां
नोटिस मिलने के बाद बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर दावे और आपत्तियां दर्ज कराईं। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार 5,41,200 नोटिसों में से 4,30,840 मामलों की सुनवाई पूरी कर ली गई है।
बीएलओ (BLO) ने क्षेत्र में जाकर मतदाताओं से संपर्क किया और आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर जांच प्रक्रिया पूरी कराई। शुक्रवार को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अंतिम दिन था।
हजारों मतदाताओं तक नहीं पहुंची नोटिस
प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार अभी भी 28,146 मतदाताओं तक नोटिस नहीं पहुंच सकी है। अधिकारियों का कहना है कि यह समस्या तकनीकी कारणों से हुई है और जल्द ही नोटिस वितरित कर दी जाएगी।
प्रशासन ने तेज की प्रक्रिया
प्रशासन का कहना है कि समय सीमा के भीतर सभी मामलों की सुनवाई पूरी करने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
अपर जिलाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि नोटिस सुनवाई की कार्रवाई तेजी से चल रही है और लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं तक नोटिस नहीं पहुंची है, उन्हें एक-दो दिनों में नोटिस उपलब्ध करा दी जाएगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत मामलों की सुनवाई पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है।



