PAK के 8 आतंकी कैंप हमारी लिस्ट में, गड़बड़ की तो करारा जवाब: आर्मी चीफ
“PAK के 8 आतंकी कैंप भारत की जानकारी में हैं। आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर जारी है और किसी भी उकसावे पर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।”
नई दिल्ली। भारतीय सेना ने एक बार फिर पाकिस्तान को स्पष्ट और कड़े शब्दों में चेतावनी दी है। चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है और भारत के पास पाकिस्तान में सक्रिय 8 आतंकी कैंपों की पुख्ता जानकारी मौजूद है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, आर्मी चीफ ने बताया कि इन 8 आतंकी कैंपों में से 2 इंटरनेशनल बॉर्डर (IB) और 6 लाइन ऑफ कंट्रोल (LC) सेक्टर में स्थित हैं। उन्होंने साफ कहा कि यदि भविष्य में किसी भी तरह की गलत हरकत की गई, तो भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
ऑपरेशन सिंदूर: तीनों सेनाओं का बेहतरीन तालमेल
जनरल द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना के बीच अभूतपूर्व समन्वय का उदाहरण है। यह ऑपरेशन अत्यंत सटीक योजना के तहत अंजाम दिया गया, जिसमें 88 घंटे का समय लगा और पहले 22 मिनट में ही निर्णायक हमले शुरू कर दिए गए।
आतंकी ढांचा ध्वस्त, परमाणु धमकी बेअसर
सेना प्रमुख के अनुसार, इस ऑपरेशन ने पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क को गहराई तक नुकसान पहुंचाया है। साथ ही, पाकिस्तान की ओर से दी जाने वाली परमाणु धमकियों की हवा निकाल दी गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन के दौरान केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया और किसी भी नागरिक या सैन्य ठिकाने को नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
9 में से 7 टारगेट पूरी तरह तबाह
जनरल द्विवेदी ने बताया कि चिन्हित किए गए 9 आतंकी ठिकानों में से 7 को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। भारतीय सेना ग्राउंड ऑफेंसिव के लिए भी पूरी तरह तैयार थी, लेकिन आवश्यकता अनुसार रणनीति अपनाई गई।



