दिल्ली के महरौली में तोड़फोड़ के दौरान गिरी तीन मंजिला इमारत, कई लोगों के दबने की आशंका
दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में गुरुवार सुबह ध्वस्तीकरण के दौरान तीन मंजिला इमारत का हिस्सा ढह गया। पुलिस, दमकल और राहत दल मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं।
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में गुरुवार सुबह ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान एक इमारत का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस, दमकल विभाग तथा राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महरौली के वार्ड संख्या-3 में लगभग 300 वर्ग गज क्षेत्र में बनी इमारत को तोड़ा जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 9:30 बजे इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया है तथा आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय इमारत के भीतर मजदूर या अन्य लोग मौजूद थे या नहीं। हालांकि एहतियात के तौर पर मलबे की गहन जांच की जा रही है और संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश जारी है।
घटना के बाद ध्वस्तीकरण कार्य से जुड़े ठेकेदार को मौके पर बुलाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि निर्माण को गिराने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
प्रशासन ने कहा है कि मलबे में किसी के फंसे होने की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता, इसलिए राहत और बचाव अभियान पूरी सतर्कता के साथ चलाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इमारत गिरने के समय तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल राहत एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।




