Breaking NewsE-paperMain Slidesनई दिल्लीभारतराजनीतिसमाचार

भारत-बेल्जियम बातचीत और कूटनीति में विश्वास: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ बातचीत में यूक्रेन और पश्चिम एशिया के संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति पर जोर दिया। दोनों देशों ने नवीकरणीय ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि भारत और बेल्जियम कानून के शासन, बातचीत और कूटनीति में विश्वास करते हैं। दोनों देश यूक्रेन और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के जल्द समाधान और शांति के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों का समर्थन करते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों की आतंकवाद के सभी रूपों को समाप्त करने को लेकर साझा प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक उथल-पुथल और विभिन्न क्षेत्रों में संघर्षों का असर खाद्य, ईंधन और सप्लाई चेन पर भी पड़ रहा है, लेकिन इन चुनौतियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था अपनी गति बनाए हुए है।

उन्होंने बताया कि भारत ने पिछली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की विकास दर दर्ज की है और भारत की विकास यात्रा दुनिया के लिए भरोसे तथा नए अवसरों का माध्यम बन रही है।

स्वच्छ ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों पर सहयोग

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और बेल्जियम के बीच हाईटेक और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। नवीकरणीय ऊर्जा को लेकर दोनों देशों ने एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इसके अलावा महत्वपूर्ण खनिजों की प्रोसेसिंग और रिसाइक्लिंग में सहयोग बढ़ाने तथा सेमीकंडक्टर क्षेत्र में साझेदारी मजबूत करने पर भी सहमति बनी है। पीएम मोदी ने कहा कि बेल्जियम की विशेषज्ञता और भारत का बड़ा बाजार एक-दूसरे के लिए पूरक हैं।

दो दशक बाद बेल्जियम के पीएम का भारत दौरा

बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत आए हैं। फरवरी 2025 में पद संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। साथ ही करीब दो दशक बाद बेल्जियम के किसी प्रधानमंत्री की भारत यात्रा हो रही है।

डी वेवर के साथ बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रैंकेन सहित वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योगपतियों का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। दोनों देशों के बीच रक्षा और औद्योगिक सहयोग को भी इस दौरे में अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button