Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशभारतलखनऊसमाचार

वाराणसी में बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष: वीबी-जी रामजी मनरेगा में भ्रष्टाचार पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’

“वाराणसी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने वीबी-जी रामजी मनरेगा बिल को भ्रष्टाचार पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करार दिया। बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन के बाद उन्होंने प्रदेश और देश की समृद्धि की कामना की।”

हाइलाइट्स :

  • वीबी-जी रामजी मनरेगा में व्याप्त भ्रष्टाचार पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’

  • नया बिल मनरेगा की तकनीकी कमियों और वित्तीय नुकसान को दूर करेगा

  • 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने में सहायक

  • पंकज चौधरी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजन और प्रदेश-देश की समृद्धि की कामना

  • पीएम गतिशक्ति, रियल टाइम ट्रैकिंग और बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन के माध्यम से विकास संरचना सुनिश्चित

वाराणसी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वाराणसी में कहा कि विकसित भारत गारंटी फार रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी-जी रामजी) मनरेगा में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ है। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाया और कहा कि यह नया बिल मनरेगा की तकनीकी कमियां, खराब गुणवत्ता और वित्तीय नुकसान दूर करेगा।

चौधरी ने बताया कि इस बिल के लागू होने से ग्रामीणों को रोजगार और आजीविका में स्थायी लाभ मिलेगा, जिससे 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त होगा। इसमें जल संरक्षण, बुनियादी ढांचा, आजीविका और आपदा नियंत्रण के कार्य शामिल हैं। सभी कार्य ग्राम सभा के प्रस्ताव पर होंगे और रियल टाइम ट्रैकिंग व बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा:

“यह मेरा सौभाग्य है कि बाबा विश्वनाथ ने बुलाया और मुझे उनके चरणों में शीश नवाने का अवसर मिला।”

चौधरी ने कहा कि मनरेगा योजना में पहले तकनीकी कमियां, भ्रष्टाचार, अधूरी जनसंरचना और आर्थिक नुकसान हो रहे थे। कई बार एक ही काम दो-तीन बार कराया जाता था। अब पीएम गतिशक्ति के माध्यम से सभी कार्य समन्वित रूप से होंगे और मजदूरों को सात दिन में भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। यदि भुगतान में देरी हुई तो 15 दिन बाद ब्याज भी दिया जाएगा।

इसके बाद पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री कार्यालय में जनता की समस्याएं सुनी और वाराणसी महानगर, जिला पदाधिकारियों और क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठकें की। शाम को वे बाबतपुर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हुए।

Related Articles

Back to top button