मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला: दिल्ली और यूपी को 14,115 करोड़ रुपये की सौगात, सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी
केंद्रीय कैबिनेट ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 14,115 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी। दिल्ली में द्वारका टनल और यूपी में कानपुर-काबराई हाईवे से कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा।
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए कुल 14,115 करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इन परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली में एनएच-148एई पर छह लेन की आधुनिक सड़क सुरंग का निर्माण किया जाएगा। यह सुरंग द्वारका एक्सप्रेस-वे को वसंत कुंज स्थित नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ेगी। 8.1 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर लगभग 6,969.67 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे पश्चिमी और दक्षिणी दिल्ली के बीच आवागमन आसान होगा तथा राजधानी में यातायात दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश में एनएच-34 के कानपुर-काबराई खंड के निर्माण को भी मंजूरी दी है। यह 117.7 किलोमीटर लंबा चार और छह लेन वाला एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे होगा, जिस पर 7,145.14 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस परियोजना से कानपुर, हमीरपुर और महोबा समेत बुंदेलखंड क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और औद्योगिक तथा आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद क्षेत्रीय लॉजिस्टिक्स, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा यात्रियों को सुरक्षित और तेज परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

