Breaking NewsE-paperMain Slidesनई दिल्लीभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

जेपी नड्डा का खरगे पर हमला: ‘अपनी पार्टी को अबोध बालक का बंधक मत बनाइए’

“राज्यसभा में जेपी नड्डा और मल्लिकार्जुन खरगे के बीच तीखी बहस देखने को मिली। नड्डा ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्हें ‘अबोध बालक’ बताया, जबकि खरगे ने सत्ता पक्ष पर अहंकार और लोकतंत्र कुचलने का आरोप लगाया।”

नई दिल्ली। राज्यसभा में गुरुवार को उस समय तीखी बहस देखने को मिली, जब सदन के नेता और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे आमने-सामने आ गए। बहस के दौरान जेपी नड्डा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्हें ‘अबोध बालक’ करार दिया, जिससे सदन का माहौल और गरमा गया।

जेपी नड्डा ने खरगे को संबोधित करते हुए कहा, “आप हमसे बहुत सीनियर हैं। मैं आपसे निवेदन करना चाहता हूं कि अपनी पार्टी को अबोध बालक का बंधक मत बनने दीजिए।”

उन्होंने आगे कहा कि “अबोधता और अहंकार का मिश्रण बेहद घातक होता है और कांग्रेस को ऐसे नेतृत्व से बाहर निकलने की आवश्यकता है। नड्डा ने यह भी जोड़ा कि लोकतांत्रिक तरीके से ही संसद को चलाया जाना चाहिए।”

मोदी सरकार हर विषय पर चर्चा को तैयार

जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए हमेशा तैयार रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में प्रधानमंत्री जवाब देने के लिए मौजूद थे, लेकिन विपक्ष ने सदन की कार्यवाही नहीं चलने दी।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस पर बयान दिया है और समझौते का पूरा विवरण तैयार होते ही सार्वजनिक किया जाएगा।

विपक्ष को कार्यवाही बाधित नहीं करनी चाहिए: रिजिजू

इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि विपक्ष द्वारा यह आरोप लगाना गलत है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी को निर्धारित समय से 20 मिनट अधिक समय दिया गया, लेकिन उन्होंने स्पीकर की रूलिंग का उल्लंघन किया।

खरगे का पलटवार: सत्ता पक्ष अहंकार में

जेपी नड्डा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने सत्ता पक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद लोकसभा और राज्यसभा दोनों से मिलकर बनती है और अगर एक सदन में विपक्ष की आवाज दबाई जाएगी तो उसका असर दूसरे सदन में दिखेगा।

खरगे ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष अहंकार में है और लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास कर रहा है।

Related Articles

Back to top button