पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की सातवीं मंजिल से गिरकर मौत, हादसा या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की लखनऊ के नए विधायक निवास की सातवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस हादसा और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच जारी है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित नए विधायक निवास में मंगलवार को एक दुखद घटना सामने आई। भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ से जुड़े पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की सातवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नानकदीन भुर्जी नए विधायक निवास की सातवीं मंजिल से नीचे गिर गए। हादसे में उनके दोनों पैर गंभीर रूप से टूट गए। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला दुर्घटना का है या आत्महत्या का। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मौके से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जा सकेगा।
इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक व्यक्त किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।



