Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

लखनऊ पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, ईको गार्डन में प्रदर्शन को मिली एक दिन की अनुमति

NEET पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके लखनऊ पहुंचे हैं। ईको गार्डन में प्रस्तावित छात्र प्रदर्शन के लिए पुलिस ने केवल एक दिन की अनुमति दी है। जानिए क्या हैं छात्रों की मांगें और प्रदर्शन को लेकर प्रशासन की तैयारी।

लखनऊ। NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके शुक्रवार को लखनऊ पहुंच गए। राजधानी के ईको गार्डन में आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए वे देर रात अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे, जहां सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की विशेष नजर रही।

अभिजीत दीपके भारतीय क्रिकेट टीम की टी-शर्ट पहनकर एयरपोर्ट से बाहर निकले और मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि लखनऊ में भी पुणे और बेंगलुरु की तरह पूरी तरह शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपनी बात रखने का लोकतांत्रिक अधिकार है और आंदोलन का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

एक दिन की मिली अनुमति

कॉकरोच जनता पार्टी और छात्र संगठनों ने 12 जून से 18 जून तक लगातार प्रदर्शन की योजना बनाई थी, लेकिन लखनऊ पुलिस ने केवल 12 जून को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ही धरना-प्रदर्शन की अनुमति दी है। पुलिस द्वारा जारी अनुमति पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण और निर्धारित नियमों के तहत ही किया जा सकेगा।

ईको गार्डन में जुटने लगे छात्र

शुक्रवार सुबह से ही ईको गार्डन में सैकड़ों छात्र पहुंचने लगे। कई छात्र कॉकरोच पार्टी के स्टीकर और बैनर लेकर धरना स्थल पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।

होटल में रुके अभिजीत दीपके

जानकारी के अनुसार अभिजीत दीपके पुणे से रात करीब 2:40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसके बाद वे सरोजनीनगर स्थित एक निजी होटल में ठहरे। दोपहर में उनके ईको गार्डन पहुंचकर छात्रों को संबोधित करने की संभावना जताई गई।

पहले भी कर चुके हैं प्रदर्शन

कॉकरोच जनता पार्टी ने इससे पहले दिल्ली, पुणे और बेंगलुरु में भी छात्र हितों को लेकर प्रदर्शन किए हैं। पार्टी लगातार NEET पेपर लीक और अन्य भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन चला रही है। संगठन का दावा है कि परीक्षा प्रणाली में सुधार और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रशासन अलर्ट मोड में

प्रदर्शन को देखते हुए ईको गार्डन और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए प्रदर्शनकारियों को निर्धारित शर्तों के तहत अपनी बात रखने की अनुमति दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button