Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

योगी आदित्यनाथ का मैनपुरी दौरा: विकास योजनाओं की बारिश, सपा के गढ़ में बोले- अब यूपी बन चुका है उत्सव प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में 682 करोड़ रुपये की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। CM Yogi ने कानून व्यवस्था, किसान कल्याण और यूपी विकास मॉडल को लेकर पूर्व सरकारों पर निशाना साधा।

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मैनपुरी पहुंचकर जिले को 682 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने यहां 111 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 19 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी सौंपा।

मंच से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैनपुरी ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व की धरती है। यहां की जनता को विकास योजनाओं का उपहार देने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और पेयजल जैसी सुविधाओं को मजबूत करने का काम कर रही है।

‘पहले मैनपुरी के नाम से लोग डरते थे’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले मैनपुरी की पहचान को लेकर लोगों में डर का माहौल था। युवाओं और व्यापारियों को कई जगह परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि आज स्थिति बदल चुकी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर हुई है और युवा, व्यापारी तथा आम नागरिक सम्मान के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

‘न कर्फ्यू, न दंगा, सब चंगा’

सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश को अपराध और माफिया मुक्त बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा, “आज यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा, सब कुछ चंगा ही चंगा है। सभी त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा रहे हैं।”

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित माहौल में शिक्षा हासिल कर रही हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के दिया जा रहा है।

किसानों और युवाओं के लिए योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को नलकूपों के लिए मुफ्त बिजली और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, युवाओं और गरीबों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने मैनपुरी की प्रसिद्ध तारकशी कला का जिक्र करते हुए कहा कि इसे वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले की सरकारों में नौकरियों में भ्रष्टाचार होता था, लेकिन अब युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत रोजगार मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले विकास योजनाओं में भेदभाव होता था, जबकि वर्तमान सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है।

जुलाई में मैनपुरी आने की वजह बताई

सीएम योगी ने कहा कि जुलाई महीने में आने का उद्देश्य फसल, बिजली और पानी की स्थिति की समीक्षा करना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर सरकार प्राथमिकता से काम करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button