मीरजापुर पहुंचे सपा सांसद अवधेश प्रसाद, बोले— बीजेपी ने प्रभु राम की मर्यादा को बिगाड़ा
“मीरजापुर पहुंचे फैजाबाद से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने नए साल पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर प्रभु राम की मर्यादा भंग करने का आरोप लगाया और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की।”
मीरजापुर (विन्ध्याचल): नए साल के पहले दिन फैजाबाद से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद अपने परिवार के साथ मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए मीरजापुर पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की जनता के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि वह लंबे समय से नए वर्ष पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आते रहे हैं और माता का आशीर्वाद ही उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
उन्होंने कहा,
“मैंने मां से प्रार्थना की है कि देश और प्रदेश की देवतुल्य जनता खुशहाल रहे, किसी के साथ अन्याय न हो, कोई भूखा न रहे और सभी को रोजगार मिले।”
अवधेश प्रसाद ने भगवान श्रीराम का उल्लेख करते हुए कहा कि राम मर्यादा, त्याग और न्याय के प्रतीक हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में आरोप लगाया कि बीजेपी ने प्रभु राम की मर्यादा को राजनीति में उलझाकर बिगाड़ दिया है, जिसे दोबारा स्थापित किया जाना चाहिए।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि नए साल के पहले दिन वह राजनीतिक टिप्पणी से बचना चाहते हैं, लेकिन यह कहना जरूरी है कि देश और प्रदेश में भाईचारा और सौहार्द बना रहना चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने अपने तीर्थपुरोहित विजय बाबू मिश्र का अभिनंदन किया और कहा कि उन्हीं के मार्गदर्शन में वर्षों से उन्हें मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है।
सपा सांसद ने कहा कि देवी-देवताओं की कृपा से ही उनकी पहचान बनी है और मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के लिए लगातार प्रेरित करता है। उन्होंने नए वर्ष की शुरुआत शांति, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द के संदेश के साथ की।




