मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, भाजपा नेता और पुलिसकर्मी समेत पांच पर मुकदमा
गोंडा में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 1.48 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। भाजपा नेता, उनकी पत्नी, एक पुलिसकर्मी समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 1.48 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में भाजपा नेता, उनकी पत्नी, लखनऊ में तैनात एक पुलिसकर्मी समेत पांच लोगों के खिलाफ कर्नलगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
50 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ और 6 फीसदी मासिक मुनाफे का दिया गया लालच
पुलिस के अनुसार कर्नलगंज निवासी अजय मौर्य समेत सात लोगों ने संयुक्त रूप से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उन्हें एक निजी निवेश कंपनी में पैसा लगाने पर मूलधन पर 50 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ और हर महीने 5 से 6 प्रतिशत तक मुनाफा देने का भरोसा दिलाया गया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि लखनऊ में तैनात पुलिसकर्मी रजनीश रौशन ने खुद को कंपनी से जुड़ा बताते हुए निवेश के लिए प्रेरित किया। इसके बाद भाजपा नेता राहुल सिंह, उनकी पत्नी शिल्पी सिंह, दीपक कुमार और आदिल से मुलाकात कराई गई। सभी ने कंपनी को सुरक्षित बताते हुए निवेश करने के लिए भरोसा दिलाया।
शुरुआत में दिया मुनाफा, बाद में बंद हो गया भुगतान
पीड़ितों का आरोप है कि शुरुआत में निवेशकों को तय रकम के अनुसार भुगतान किया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ा। इसके बाद बड़ी रकम निवेश कराई गई। हालांकि कुछ समय बाद भुगतान बंद हो गया और रकम लौटाने की मांग करने पर आरोपित टालमटोल करने लगे। खुद को ठगा महसूस होने पर निवेशकों ने पुलिस की शरण ली।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
शिकायत के आधार पर कर्नलगंज कोतवाली में निम्न पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है—
- भाजपा नेता राहुल सिंह
- शिल्पी सिंह
- लखनऊ में तैनात पुलिसकर्मी रजनीश रौशन
- दीपक कुमार
- आदिल
‘VODBRO’ कंपनी के नाम पर कराया गया निवेश
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) करनैलगंज आनंद कुमार राय ने बताया कि शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि ‘VODBRO’ नामक कंपनी में अधिक लाभ का झांसा देकर निवेश कराया गया। निवेशकों की रकम Capital Money Solution Private Limited के बैंक खाते में जमा कराई गई।
प्राथमिक जांच में कम समय में अधिक लाभ का लालच देकर निवेशकों से लाखों रुपये जुटाने का मामला सामने आया है। जांच के बाद कंपनी के निदेशक और उससे जुड़े व्यक्तियों समेत पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इन निवेशकों ने लगाया पैसा
शिकायत के अनुसार विभिन्न लोगों ने अलग-अलग रकम निवेश की थी—
- शिवा सिंह – 37 लाख रुपये
- विजय मौर्य – 70 लाख रुपये
- बृजेंद्र कुमार – 54.60 लाख रुपये
- नदीम अहमद – 2.10 लाख रुपये
- अब्दुल हसीब – 2.10 लाख रुपये
- अबु सिंह – 2.10 लाख रुपये
- कृष्ण कुमार गोस्वामी – 50 हजार रुपये
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। निवेश से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपितों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नवंबर 2025 में इस मामले में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह के निर्देश पर भी रिपोर्ट मांगी गई थी, जिसके बाद अब जांच ने गति पकड़ ली है।


