Breaking Newsअंतर्राष्ट्रीयउत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

“120 की रफ्तार बनी काल” बस पलटी और 100 मीटर घिसटी, एक्सप्रेसवे पर बिछीं लाशें

उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब पांच बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पलटने के बाद बस लगभग 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। इस हादसे में एक दरोगा समेत सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मियों सहित 24 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्लीपर बस में कुल 52 यात्री सवार थे। तेज रफ्तार होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बस पुलिया से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। करीब आधे घंटे बाद यूपीडा कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची।

इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 24 घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि कुछ घायल यात्रियों की हालत गंभीर होने से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस की प्राथमिक जांच में हादसे की ये वजह सामने आई हैं। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे हादसे का सीएम योगी ने संज्ञान लिया है।

उन्होंने सात मौतों पर गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने अधिकारियों राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। कहा कि मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। इस हादसे में बिहार सीवान पुलिस के उप निरीक्षक शिवचरन राम सहित कुल सात लोगों की मौत हुई है। मृतकों में गोरखपुर के मुंडेरा बाजार निवासी सुरेश कुमार जायसवाल पुत्र राम आधार जायसवाल और मधुपुर थाना पीपीगंज निवासी विदेशी गुप्ता पुत्र मिश्रीलाल गुप्ता शामिल हैं। इसके अलावा बस्ती के गोविंदपुर थाना कप्तानगंज निवासी विजय कुमार पुत्र रामजीत, एक अज्ञात बंदी और एक महिला समेत अन्य अज्ञात यात्री की मौत हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button