Breaking NewsE-paperMain Slidesभारतराजनीतिराज्यसमाचार

कुशीनगर में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला: बोले- मंदिर पर कब्जा करने वाले काशी-मथुरा के बारे में नहीं सोच सकते

कुशीनगर में 525 करोड़ रुपये की 464 परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने काशी, मथुरा, अयोध्या, राम मंदिर, कुशीनगर एयरपोर्ट और विकास परियोजनाओं पर बड़ा बयान दिया।

कुशीनगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर में 525 करोड़ रुपये की 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन सरकारों के समय मंदिरों पर कब्जे हुए, मंदिर निर्माण के लिए आए धन का दुरुपयोग हुआ और श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ किया गया, वे काशी, मथुरा और अयोध्या जैसे धार्मिक स्थलों के विकास के बारे में सोच भी नहीं सकते।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास को नई गति दी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में सात से आठ नए मंदिरों के निर्माण का कार्य कराया गया है।

‘2017 से पहले नीति और नीयत दोनों का अभाव था’

सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में “पॉलिसी पैरालाइसिस” की स्थिति थी। उन्होंने कहा कि उस समय विकास कार्य ठप थे, निवेश नहीं हो रहा था और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी।

उन्होंने कहा, “पहले दंगे होते थे, आज उत्तर प्रदेश में नो कर्फ्यू, नो दंगा और सब चंगा है।”

इंसेफेलाइटिस और भूख से मौतों का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय कुशीनगर समेत पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस से बच्चों की मौतें होती थीं और गरीब परिवार भूख से जूझते थे। अब प्रदेश में स्वास्थ्य, आवास, बिजली, गैस कनेक्शन, रोजगार और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है।

उन्होंने अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल एक बच्चे का उल्लेख करते हुए कहा कि उसकी मुस्कान इस बात का संकेत है कि अब प्रदेश का बचपन सुरक्षित है और यही सुरक्षित भविष्य की नींव है।

नारायणी नदी पर बनेगा 800 करोड़ का पुल

मुख्यमंत्री ने दियारा क्षेत्र के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नारायणी नदी पर करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाने की डीपीआर तैयार की जा रही है। पुल बनने के बाद दियारा क्षेत्र के गांव मुख्यधारा से जुड़ जाएंगे और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

कुशीनगर एयरपोर्ट से जल्द शुरू होंगी उड़ानें

कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों में देरी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया के हालात के कारण नए विमान समय पर उपलब्ध नहीं हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आधुनिक विमान उपलब्ध होने के बाद कुशीनगर से नियमित उड़ानें शुरू होंगी और एयरपोर्ट को गया तथा जेवर एयरपोर्ट से भी जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, सांसद विजय दुबे और गोरखपुर सांसद रवि किशन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button