रायबरेली में शंकराचार्य की गो-रक्षार्थ यात्रा, बोले- सपा वाले ज्यादा गो भक्त
रायबरेली में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने गो संरक्षण के लिए जागरूक मतदान की अपील करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग ज्यादा गो भक्त हैं।
रायबरेली। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की ‘गविष्ठि गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा’ शनिवार को रायबरेली पहुंची, जहां खीरों विकास खंड के सेमरी चौराहे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। शंकराचार्य ने गौ संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए लोगों से जागरूक होकर मतदान करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जा रही है, जिसका उद्देश्य गौ माता के संरक्षण और संवर्धन के लिए जनजागरण करना तथा मतदाताओं को इस मुद्दे पर सजग बनाना है।
सपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी पर की टिप्पणी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि सेमरी चौराहे पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी यह दर्शाती है कि वे गौ संरक्षण के प्रति आस्था रखते हैं। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि “समाजवादी लोग ज्यादा गोभक्त हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने व्यक्तिगत रूप से गौ माता की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
‘जो खुद को गोभक्त कहते हैं, वे यात्रा में क्यों नहीं?’
शंकराचार्य ने कहा कि जो लोग स्वयं को गोभक्त बताते हैं, उन्हें भी गौ संरक्षण के लिए चल रही इस यात्रा में शामिल होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जो संगठन और लोग गौभक्ति का दावा करते हैं, वे इस जनजागरण अभियान में दिखाई क्यों नहीं दे रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों के चयन में गौ संरक्षण को दें महत्व
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से राजनीति से जुड़ा होता है। इसलिए मतदाताओं को ऐसे जनप्रतिनिधियों का चुनाव करना चाहिए जो गौ संरक्षण, समाजहित और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के प्रति समर्पित हों।
उन्होंने लोगों से गौ माता की रक्षा के लिए एकजुट होकर जनजागरूकता फैलाने और इस विषय को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की।
रायबरेली में कई स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
‘गविष्ठि गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा’ के तहत शनिवार को हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के सेमरी चौराहा, लालगंज विधानसभा क्षेत्र के सरेनी, डलमऊ के गदागंज, ऊंचाहार, सदर विधानसभा के सुपर मार्केट, हरचंदपुर बाजार और बछरावां के तिलेंडा में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यात्रा के दूसरे दिन, 12 जुलाई को सुबह 8 बजे शिवगढ़ क्षेत्र के भवानीगढ़ चौराहे पर जनसभा और संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है।




