राहुल गांधी का बड़ा आरोप: पीएम मोदी कंप्रोमाइज्ड, एपस्टीन और अडाणी मामले से दबाव में
“राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि एपस्टीन फाइल और अडाणी केस के दबाव में प्रधानमंत्री ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौता किया। विपक्ष के नेता ने संसद में बोलने से रोके जाने की भी बात कही।”
नई दिल्ली। लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी अमेरिका के दबाव में हैं। उन्होंने कहा कि एपस्टीन फाइल और अडाणी केस के कारण प्रधानमंत्री ने ट्रेड डील स्वीकार कर ली, जिससे भारत के किसानों और कृषि क्षेत्र को नुकसान पहुंचेगा।
राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि यह पहली बार है जब विपक्ष के नेता को संसद में बोलने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा, “मोदी जी घबराए हुए हैं। पिछले महीनों से रुका हुआ अमेरिका-भारत व्यापार समझौता कल रात साइन किया गया। उनकी छवि खराब हो गई है। जनता को इस पर ध्यान देना चाहिए। एपस्टीन फाइल और अडाणी केस के दबाव ने मोदी को कंप्रोमाइज्ड कर दिया है।”
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी कहा कि सरकार को संसद को विश्वास में लेकर दोनों सदनों पर मसौदा रखकर व्यापक चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप के दोबारा चुने जाने पर मोदी की झप्पी कूटनीति पहले भारत-अमेरिका संबंधों को संभावनाओं से भरती दिखी, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान के साथ ट्रंप की निकटता ने मोदी की छवि पर सवाल उठाया।
रमेश ने कहा कि मोदी ने ट्रंप को खुश करने के लिए पूर्ण समर्पण नीति अपनाई और इस दुर्भाग्यपूर्ण घटनाक्रम से भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।


