Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशनई दिल्लीभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

राहुल गांधी के भाषण पर बवाल, लोकसभा में स्पीकर की ओर उछाले गए पेपर,स्पीकर ने 8 विपक्षी सांसदों को किया निलंबित

“लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण के दौरान भारी हंगामा हुआ। स्पीकर की ओर कागज फेंके गए, जिसके बाद चमाला किरण रेड्डी सहित 8 विपक्षी सांसदों को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया।”

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण को लेकर मंगलवार को सदन में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। हंगामे के दौरान विपक्षी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर की ओर कागज के टुकड़े उछाल दिए, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। स्पीकर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लोकसभा की कार्यवाही को कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी लोकसभा में पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब से जुड़े एक मैगजीन आर्टिकल के उद्धरण का हवाला देते हुए बोल रहे थे। इसी दौरान स्पीकर ने उन्हें बोलने से रोक दिया और अन्य सांसदों को बोलने का अवसर दिया। इससे विपक्ष भड़क गया और सदन में नारेबाजी शुरू हो गई।

हंगामे के बीच कुछ सांसदों ने स्पीकर की चेयर की ओर फटे हुए कागज के टुकड़े उछाल दिए। इसके बाद आसन पर बैठे कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।

8 सांसद पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित

स्पीकर ने अनुशासनहीनता के आरोप में चमाला किरण रेड्डी, वेकंटरमन, गुरजीत औजला, मणिकम टैगोर, राजा वडिंग, हिबी ईडन, प्रशांत पडोले और डीन कुरियाकोस को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया।
निलंबन के बाद भी सांसदों ने एक बार फिर स्पीकर चेयर की ओर कागज फेंके।

किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर हमला

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूर्व सेना प्रमुख की अप्रकाशित किताब से जुड़े लेख का हवाला देकर संसद की मर्यादा का उल्लंघन कर रहे थे।

राहुल गांधी ने इसे चीन और पाकिस्तान से जुड़ा नेशनल सिक्योरिटी का विषय बताया, जिस पर रिजिजू ने आपत्ति जताते हुए कहा कि इस तरह के विषयों पर नियमों के तहत ही चर्चा होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button