‘तमिलनाडु में भाजपा सरकार होती तो मदुरै में दीपक जलाने से कोई नहीं रोक पाता’, सीएम योगी का विपक्ष पर निशाना

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तमिलनाडु में भाजपा सरकार होती तो मदुरै में दीपक जलाने से कोई नहीं रोक पाता। गोरखपुर में गीडा स्थापना दिवस पर विपक्ष और यूपी की कानून-व्यवस्था पर भी बोले।
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तमिलनाडु में मदुरै के दीपक प्रकरण को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार होती, तो मदुरै में दीपक जलाने से कोई नहीं रोक पाता। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को जनता की आस्था से ज्यादा वोट बैंक की चिंता है।
गोरखपुर में औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु की सरकार पर टिप्पणी की। उन्होंने अयोध्या में दीपोत्सव का उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भव्य दीपोत्सव आयोजित किया गया और लाखों दीपक जलाए गए।
‘ना कर्फ्यू है, ना दंगा है, यूपी में सब चंगा है’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान शांति और सुरक्षा का माहौल है। उन्होंने कहा, “ना कर्फ्यू है, ना दंगा है, यूपी में सब चंगा है, क्योंकि यहां भाजपा है।”
सीएम ने यूरोप में दंगों और अराजकता का उल्लेख करते हुए उत्तर प्रदेश की स्थिति को बेहतर बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसी सरकारों को बार-बार अवसर दें, जिन्होंने गरीबों की मदद की, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए और विकास के काम किए।
गीडा को 502 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
गीडा के 37वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लगभग 502 करोड़ रुपये की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर में निवेश और औद्योगिक विकास की योजनाओं का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में करीब 17 हजार करोड़ रुपये के एमओयू होने से लगभग 50 हजार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
माफिया और अपराध पर कार्रवाई का दावा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अपराध और माफिया के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने माफिया राज समाप्त करने की दिशा में काम किया है। उन्होंने गीडा क्षेत्र में पहले अपराध से जुड़े कारोबार की आशंका का उल्लेख करते हुए कहा कि अब औद्योगिक विकास और डेयरी जैसी गतिविधियां क्षेत्र की नई पहचान बन रही हैं।
सीएम योगी ने इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार की स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी पहल से इस बीमारी के प्रभाव को कम करने में सफलता मिली है। उन्होंने प्रदेश में शासन, संवेदना और जवाबदेही को सरकार की प्राथमिकता बताया।




