मुरादाबाद बस हादसा: रोडवेज बस से ट्रैक्टर-ट्रॉली टकराई, मां-बेटे समेत 4 की मौत

मुरादाबाद बस हादसे में रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मां-बेटे समेत 4 यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में 10 लोग गंभीर घायल हुए।
मुरादाबाद बस हादसा शनिवार सुबह हरिद्वार हाईवे पर छजलैट थाना क्षेत्र में हुआ। यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली की रोडवेज बस से टक्कर हो गई। हादसे में सरकारी टीचर, मां-बेटे समेत चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस की खिड़कियां टूट गईं। कुछ यात्री उछलकर सड़क पर गिर गए, जबकि कई सीटों के बीच फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और राहतकर्मियों ने यात्रियों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली अगवानपुर शुगर मिल से गन्ना छोड़कर लौट रही थी। रास्ते में चालक ने एक कार को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रैक्टर बेकाबू हो गया और लदावली गांव के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक रोडवेज बस से टकरा गया।
बस छजलैट की ओर से मुरादाबाद आ रही थी। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर हुआ। टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों में मां-बेटे और सरकारी टीचर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में मुरादाबाद की अर्चना (30), उनके पांच वर्षीय बेटे सुशांत, बिजनौर के लोकेंद्र (50) और दीपिका चौहान (30) शामिल हैं। दीपिका सरकारी टीचर थीं और रामपुर में तैनात थीं।
अर्चना के पति जॉनसन मैसीह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में घायल यात्रियों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने यातायात बहाल कराया
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के मुताबिक, मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। मामूली रूप से घायल यात्रियों को इलाज के बाद दूसरी बस से रवाना किया गया।




