प्रयागराज माघ मेला 2026: मकर संक्रांति स्नान के लिए भीड़ प्रबंधन का मेगा प्लान तैयार
“मकर संक्रांति स्नान पर्व 2026 को लेकर प्रयागराज माघ मेले में प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। 1 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के अनुमानित आगमन को देखते हुए घाट, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है।”
प्रयागराज। मकर संक्रांति स्नान पर्व 2026 को लेकर प्रयागराज के संगम तट पर आयोजित माघ मेले में प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। माघ मेले का दूसरा प्रमुख स्नान पर्व 15 जनवरी 2026 को मकर संक्रांति के अवसर पर होगा। पौष पूर्णिमा स्नान पर्व पर 31 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के सफल स्नान के बाद अब प्रशासन को मकर संक्रांति पर 1 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन की उम्मीद है।
भीड़ प्रबंधन के लिए मेगा प्लान
पिछले वर्ष माघ मेला 2024 में मकर संक्रांति पर करीब 28.95 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया था। इस बार अनुमानित संख्या को देखते हुए मेला प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन का मेगा प्लान तैयार किया है।
माघ मेला अधिकारी ऋषिराज के अनुसार, यातायात को सुगम बनाने के लिए 42 अस्थायी पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं, जिनमें एक लाख से अधिक वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
घाट, जल व्यवस्था और बुनियादी सुविधाएं
माघ मेला 2025-26 के दौरान कुल 12,100 फीट लंबाई में घाटों का निर्माण किया गया है। इन घाटों पर चेंजिंग रूम, पुल, कॉसा और शौचालय जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं।
गंगा में जल की पर्याप्त उपलब्धता के लिए कानपुर गंगा बैराज से प्रतिदिन 8000 क्यूसेक जल छोड़ा जा रहा है। प्रयागराज में गिरने वाले सभी 81 नालों की टैपिंग पूरी कर ली गई है।
स्वच्छता, सुरक्षा और परिवहन पर विशेष जोर
शासन के निर्देश पर माघ मेले को ओपन डिफेकशन फ्री (ODF), दुर्गंध मुक्त और गंगा में जीरो डिस्चार्ज के लक्ष्य के साथ संचालित किया जा रहा है।
इसके लिए:
-
25,880 शौचालय
-
10 लाख से अधिक लाइनर बैग
-
25 सक्शन गाड़ियां
-
3300 सफाई कर्मी तैनात किए गए हैं
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गोल्फ कार्ट और बाइक टैक्सी सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
माघ मेला पुलिस अधीक्षक नीरज पांडेय के अनुसार, मेला क्षेत्र में:
-
17 थाने और 42 पुलिस चौकियां
-
20 अग्निशमन स्टेशन
-
01 जल पुलिस थाना व कंट्रोल रूम
-
8 किमी डीप वाटर बैरिकेडिंग
-
400+ CCTV व AI कैमरों से निगरानी
पैरा मिलिट्री फोर्स की तैनाती के साथ क्राउड मॉनिटरिंग और डेंसिटी एनालिसिस की जा रही है।
मकर संक्रांति स्नान पर्व 2026 को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रयागराज माघ मेला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



