UP के NDA सांसदों के साथ PM मोदी की बैठक समाप्त
“UP NDA सांसदों के साथ PM मोदी की बैठक खत्म। PM ने कहा—“मैं मजदूर हूँ, जनता की सेवा सबसे बड़ा काम है।” सांसदों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने का निर्देश दिया।”
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तर प्रदेश के एनडीए सांसदों के साथ अहम बैठक शुक्रवार को संपन्न हुई। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने सांसदों से संवाद करते हुए खुद को “मजदूर” बताते हुए कहा कि जनता की सेवा ही उनका सबसे बड़ा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि “ये मजदूर आपके पीछे खड़ा है, आप बस मन लगाकर काम करिए।”
प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों को अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक सक्रिय रहने और सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कई योजनाएँ जमीन पर बेहतर परिणाम दे रही हैं, लेकिन उनका पर्याप्त प्रचार जनता तक नहीं पहुँच पाता, जिससे उनका प्रभाव सीमित रह जाता है।
PM मोदी ने सांसदों से विशेष रूप से कहा कि वे सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें और डिजिटल माध्यमों के जरिए सरकार के काम, कल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं की जानकारी जनता तक पहुँचाएँ। उन्होंने कहा कि जनसमर्थन तभी मजबूत होगा जब जनता को सरकार की उपलब्धियों और प्रयासों की सही जानकारी मिल सके।
बैठक को आने वाले चुनावी माहौल और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री की यह रणनीति यूपी में एनडीए की पकड़ और जनसंपर्क को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।



