Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

मथुरा सामूहिक आत्महत्या: रसोई की दीवार पर लिखा ‘हम सुसाइड कर रहे हैं’, तीन बच्चों समेत दंपती ने दी जान

“मथुरा के खप्परपुर गांव में दंपती और तीन बच्चों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। रसोई की दीवार पर सुसाइड नोट मिला, पुलिस जांच जारी।”

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव में एक दंपती ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह जब घर के अंदर पांचों के शव पड़े मिले तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 35 वर्षीय मनीष, उनकी 32 वर्षीय पत्नी सीमा, पांच साल की बेटी हनी, चार साल की प्रियांशी और दो वर्षीय बेटे पंकज ने सामूहिक रूप से जहरीला पदार्थ खाया था।

 रसोई की दीवार पर लिखा मिला सुसाइड नोट

पुलिस को घर की रसोई की दीवार पर लिखा एक संदेश मिला है, जिसमें साफ शब्दों में लिखा है—
“हम स्वयं आत्महत्या कर रहे हैं।” हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

 परिवार पर पहले से था दुखों का साया

स्थानीय लोगों के अनुसार, मनीष के पिता का कुछ दिन पहले ही निधन हुआ था। मनीष के घर के बगल में उनके दो भाई भी रहते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजन सदमे में हैं।

 पुलिस जांच में जुटी

महावन थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Related Articles

Back to top button