अयोध्या पहुंचे दिग्विजय सिंह, रामलला के किए दर्शन; बोले— धर्म की राजनीति नहीं करते
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अयोध्या में रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन किए। बोले- हम धर्म की राजनीति नहीं करते, जानें पूरा बयान।
लखनऊ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को अयोध्या पहुंचकर राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन किए। भव्य मंदिर निर्माण के बाद यह उनका पहला अयोध्या दौरा है।
दिग्विजय सिंह ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद रामलला के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रांगण से बाहर आकर उन्होंने कहा कि “जब प्रभु का बुलावा आता है, तो हर व्यक्ति खुद ही आ जाता है। मुझे भी बुलावा आया, इसलिए मैं यहां आया हूं।”
उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस धर्म का सम्मान करती है, लेकिन उसका राजनीतिक उपयोग नहीं करती। “हम धर्म का दुरुपयोग न व्यवसाय के लिए करते हैं और न राजनीति के लिए,” उन्होंने कहा।
राम मंदिर को लेकर पूछे गए सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने कभी भी मंदिर निर्माण का विरोध नहीं किया। उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण के दौरान उन्होंने चंदा भी दिया था और वह अयोध्या किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं आए हैं।
रामलला के दर्शन के बाद उन्होंने देश की खुशहाली और आपसी सद्भाव के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भगवान राम से उनकी कामना है कि देश में तरक्की हो और लोगों के बीच प्रेम और भाईचारा बना रहे।
गौरतलब है कि मंदिर निर्माण के बाद कांग्रेस के किसी बड़े नेता का यह प्रमुख दौरा माना जा रहा है। इससे पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी रामलला के दर्शन कर चुके हैं।



