भाजपा एसआईआर में धांधली कर रही है, चुनावी भविष्य दांव पर : राम अचल राजभर
“वाराणसी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम अचल राजभर ने एसआईआर प्रक्रिया को चुनाव जीतने की कुंजी बताया। भाजपा सरकार पर संविधान उल्लंघन और धांधली के गंभीर आरोप लगाए।”
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, विधायक एवं वाराणसी के एसआईआर प्रभारी राम अचल राजभर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आगामी चुनाव जीतने के लिए एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो पार्टी को चुनावी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
लोढ़ान रिंग रोड स्थित एक निजी स्थल पर आयोजित बैठक में जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्षों, जोन प्रभारियों और सेक्टर प्रभारियों को संबोधित करते हुए राजभर ने कहा कि नो मैपिंग फॉर्मों का समयबद्ध निस्तारण चुनावी भविष्य की नींव है।
भाजपा सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप
राम अचल राजभर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में कानून का राज समाप्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस ने हमेशा लोकतंत्र और संविधान के साथ अन्याय किया है।
उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय और राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूचियों में भारी अंतर है, जो एसआईआर प्रक्रिया में संभावित धांधली की ओर इशारा करता है।
सरकारी बजट के दुरुपयोग का आरोप
राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार की प्रतीक बन चुकी है। सरकारी बजट का दुरुपयोग हो रहा है और जनता के अधिकारों का खुलेआम हनन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता को धोखा दिया है और आस्था के स्थलों को नुकसान पहुंचाया है।
बूथ स्तर पर सक्रियता जरूरी : सुजीत यादव लक्कड़
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि एसआईआर ही चुनावी जीत की बुनियाद है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर हाल में नो मैपिंग फॉर्मों के समाधान के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय रहें, क्योंकि यही संगठन की असली परीक्षा है।
संगठन को धार देने का संकल्प
बैठक का संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महासचिव आनंद मौर्य ने किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, पूर्व विधायक उदयलाल मौर्य, कैलाश सोनकर सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने विचार रखे।
समाजवादी पार्टी ने बैठक के माध्यम से आगामी चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।



