Breaking NewsE-paperMain Slidesअयोध्याउत्तर प्रदेशभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

राम मंदिर ट्रस्ट बैठक: चंपत राय के इस्तीफे के बाद आज नए ट्रस्टियों के चयन पर मंथन

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक आज होगी। बैठक में तीन नए ट्रस्टियों और नए महासचिव के चयन के साथ मंदिर प्रबंधन, वित्तीय पारदर्शिता, सीईओ नियुक्ति और चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक  को लेकर बुधवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक आज अयोध्या में आयोजित होगी, जिसमें तीन नए ट्रस्टियों, नए महासचिव और मंदिर प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार किया जाएगा। हाल ही में सामने आए राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बाद यह ट्रस्ट की दूसरी महत्वपूर्ण बैठक है।

बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्ट के कई सदस्य अयोध्या पहुंच चुके हैं, जबकि अन्य सदस्यों के भी बैठक शुरू होने से पहले पहुंचने की संभावना है। शाम 4 बजे मणिरामदास जी की छावनी में प्रस्तावित इस बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास करेंगे।

तीन नए ट्रस्टियों के चयन पर होगी चर्चा

ट्रस्ट के अनुसार, चंपत राय और अनिल मिश्र के इस्तीफे तथा अयोध्या राजपरिवार के प्रमुख रहे बिमलेंद्रमोहन मिश्र के निधन से रिक्त हुए पदों पर तीन नए ट्रस्टियों के चयन पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही ट्रस्ट के नए महासचिव के नाम पर भी सर्वसम्मति बनाने का प्रयास होगा।

कई वरिष्ठ सदस्य अयोध्या पहुंचे

बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्ट सदस्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ और युगपुरुष स्वामी परमानंद अयोध्या पहुंच चुके हैं। वहीं ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि और अंतरिम महासचिव कृष्णमोहन के भी बैठक से पहले पहुंचने की संभावना है।

मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगा फोकस

चढ़ावा चोरी की घटना के बाद ट्रस्ट के सामने सबसे बड़ी चुनौती मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाना है। बैठक में इस बात पर भी मंथन होगा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

वित्तीय पारदर्शिता, गणना कक्ष में बदलाव और मंदिर प्रशासन को आधुनिक बनाने से जुड़े कई प्रस्ताव भी बैठक के एजेंडे में शामिल हैं।

सीईओ नियुक्ति पर भी हो सकता है विचार

राम मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया भी बैठक का अहम विषय रहेगी। इसके लिए गठित चयन समिति को पांच हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। संभावना है कि इस बैठक में कुछ प्रमुख नामों पर प्रारंभिक चर्चा की जाए।

नियमावली के तहत समितियों का होगा पुनर्गठन

बैठक में ट्रस्ट की विभिन्न समितियों के पुनर्गठन पर भी विचार होगा। साथ ही रामलला की सेवा में नियुक्त अर्चकों के कार्यों की समीक्षा और मंदिर प्रबंधन से जुड़े प्रशासनिक सुधारों पर भी चर्चा की जाएगी।

एसआईटी रिपोर्ट पर भी हो सकती है चर्चा

बैठक के एजेंडे में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की एसआईटी रिपोर्ट का विषय भी शामिल है। हालांकि रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत किए जाने के बाद इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना कम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button