Breaking NewsE-paperउत्तर प्रदेशनई दिल्लीभारतराज्यलखनऊसमाचार

अब एक कार्ड से देशभर की मेट्रो का सफर: लखनऊ मेट्रो में शुरू हुई एनसीएमसी सेवा

लखनऊ मेट्रो में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) सेवा शुरू हो गई है। अब यात्री एक ही कार्ड से देश के कई शहरों की मेट्रो में सफर कर सकेंगे। कार्ड पर 10 फीसदी किराया छूट मिलेगी और पुराने गो स्मार्ट कार्ड को बिना अतिरिक्त शुल्क के बदला जा सकेगा।

लखनऊ।अब लखनऊ मेट्रो के यात्रियों को हर शहर के लिए अलग-अलग मेट्रो कार्ड रखने या टिकट की लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं होगी। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने लखनऊ मेट्रो में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) सेवा शुरू कर दी है। इस सुविधा के जरिए यात्री एक ही कार्ड से लखनऊ, कानपुर, आगरा सहित देश के कई शहरों की मेट्रो सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को मेट्रो किराए में 10 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी। इसके साथ ही मौजूदा गो स्मार्ट कार्ड धारकों को भी अपना कार्ड बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के एनसीएमसी कार्ड में बदलने की सुविधा दी जाएगी।

देशभर में चलेगा एक ही कार्ड

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि कानपुर और आगरा के बाद अब लखनऊ मेट्रो में भी एनसीएमसी सेवा लागू कर दी गई है। यह एक इंटरऑपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है, जिसका उपयोग उन सभी शहरों में किया जा सकेगा जहां एनसीएमसी प्रणाली लागू है।

उन्होंने बताया कि यह कार्ड केवल मेट्रो यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कई शहरों में बस सेवा, पार्किंग और चुनिंदा रिटेल सेवाओं में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।

पुराने गो स्मार्ट कार्ड होंगे एक्सचेंज

फिलहाल लखनऊ मेट्रो में गो स्मार्ट कार्ड और एनसीएमसी कार्ड दोनों से यात्रा की जा सकेगी। यूपीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे पहले अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड में उपलब्ध शेष राशि का उपयोग कर लें।

इसके बाद निगम विशेष एक्सचेंज विंडो शुरू करेगा, जहां यात्री 30 दिनों के भीतर अपना पुराना गो स्मार्ट कार्ड बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के एनसीएमसी कार्ड में बदल सकेंगे।

23 बैंकों के कार्ड भी होंगे मान्य

एनसीएमसी सुविधा के तहत 23 बैंकों द्वारा जारी एनसीएमसी डेबिट और क्रेडिट कार्ड का उपयोग भी सीधे मेट्रो स्मार्ट कार्ड की तरह किया जा सकेगा। ऐसे कार्डधारकों को अलग से मेट्रो कार्ड खरीदने या टिकट लेने की आवश्यकता नहीं होगी।

100 रुपये में मिलेगा कार्ड

एनसीएमसी कार्ड सभी मेट्रो स्टेशनों पर स्थित एयरटेल पेमेंट्स बैंक के काउंटर और कियोस्क पर उपलब्ध रहेगा। कार्ड जारी करने के लिए 100 रुपये का शुल्क लिया जाएगा, जो रिफंडेबल नहीं होगा।

कार्ड जारी करने की प्रक्रिया मोबाइल पर ओटीपी सत्यापन के माध्यम से पूरी की जाएगी।

यूपीआई और ऐप से होगा रिचार्ज

यात्री एनसीएमसी कार्ड को मेट्रो स्टेशन के कियोस्क, टिकट वेंडिंग मशीन, लखनऊ मेट्रो ऐप, एयरटेल ऐप या फिर डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के जरिए आसानी से रिचार्ज कर सकेंगे।

यूपीएमआरसी का कहना है कि इस सुविधा से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, कैशलेस और निर्बाध यात्रा का अनुभव मिलेगा।

एनसीएमसी कार्ड के प्रमुख लाभ
  • एक ही कार्ड से लखनऊ, कानपुर, आगरा समेत कई शहरों की मेट्रो में यात्रा।
  • मेट्रो किराए पर 10 प्रतिशत की छूट
  • 23 बैंकों के एनसीएमसी डेबिट और क्रेडिट कार्ड भी मान्य।
  • बस, पार्किंग और एनसीएमसी आधारित अन्य सेवाओं में भी उपयोग संभव।
  • पुराने गो स्मार्ट कार्ड को 30 दिनों के भीतर बिना अतिरिक्त शुल्क एनसीएमसी में बदलने की सुविधा।
  • यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, लखनऊ मेट्रो ऐप और एयरटेल ऐप से आसान रिचार्ज।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button