लखनऊ

यूपी में आबकारी राजस्व में रिकॉर्ड वृद्धि, पिछले साल से जून में 16.05% ज्यादा कमाई

उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 71,278 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य तय किया है। जून 2026 तक विभाग ने 15,809.25 करोड़ रुपये की वसूली की है। अवैध शराब के खिलाफ अभियान में 29,267 मुकदमे दर्ज और 4,641 गिरफ्तारियां हुई हैं।

लखनऊ। प्रदेश के आबकारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में तथा पारदर्शी नीतियों व तकनीकी निगरानी के कारण आबकारी विभाग के राजस्व प्राप्ति में लगातार वृद्धि हो रही है और अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही।

आबकारी मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आबकारी विभाग का 71,278 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे प्राप्त करने केे लिए विभागीय अधिकारी पूर्ण उत्तरदायित्व एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।

वर्तमान वित्तीय वर्ष में आबकारी विभाग ने जून, 2026 तक 15,809.25 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त किया, जो की गत वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में प्राप्त 14,228.91 करोड़ रूपये के राजस्व से 1,580.34 करोड़ रूपये अर्थात 11.11 प्रतिशत अधिक है। वहीं माह जून, 2026 में 5,173.56 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त किया गया, जोकि गतवर्ष इसी माह में प्राप्त 4,458.23 करोड़ रूपये के राजस्व से 16.05 प्रतिशत अधिक है।

आबकारी मंत्री ने बताया कि प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरूद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए माह जून, 2026 तक कुल 2,65,870 छापे डाले गये। इसमें से 29,267 अभियोग पंजीकृत किये गये और 9.00 लाख ली0 अवैध मदिरा बरामद की गयी। इस कार्यवाही में 4,641 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और इसमें से 804 व्यक्तियों को जेल भेजा गया तथा अवैध मदिरा की तस्करी में प्रयोग किये गये 31 वाहनों को जब्त किया गया।

वहीं जून माह में व्यापक अभियान चलाकर 87,646 छापे डाले गये, जिसमें 9,764 अभियोग पंजीकृत करते हुए 2.56 लाख लीटर अवैध मदिरा बरामद की गयी। इस कार्यवाही में 1,513 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, इसमें से 283 व्यक्तियों को जेल भेजा गया और अवैध मदिरा की तस्करी में प्रयोग किये गये 07 वाहनों को जब्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button