Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

यूपी में ‘इंडिया’ अलायंस का बढ़ा कुनबा, स्वामी प्रसाद मौर्य ने गठबंधन में शामिल होने का किया ऐलान

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले स्वामी प्रसाद मौर्य ने ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल होने का ऐलान किया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद मौर्य ने कहा कि सीट बंटवारे पर अभी कोई बातचीत नहीं हुई है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले स्वामी प्रसाद मौर्य ने ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल होने का ऐलान किया है। मौर्य ने कहा कि वह बिना किसी शर्त के गठबंधन का हिस्सा बन रहे हैं। हालांकि, सीट बंटवारे को लेकर अभी किसी भी दल से बातचीत नहीं हुई है।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने 3 अक्टूबर को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी। इसके बाद से उनके इंडिया गठबंधन में शामिल होने की अटकलें तेज थीं। सोमवार को उन्होंने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए गठबंधन का हिस्सा बनने की घोषणा की।

यूपी में गठबंधन की सरकार बनाने को प्राथमिकता

मौर्य ने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनना है। सीटों के बंटवारे और उनकी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस पर आगे फैसला होगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाना है।

मौर्य ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की थीं। तस्वीरों में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम भी नजर आए।

कई विपक्षी नेताओं से कर चुके हैं मुलाकात

इंडिया गठबंधन में शामिल होने से पहले स्वामी प्रसाद मौर्य कई विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। इसके अलावा वह रामपुर में सपा नेता आजम खान के परिवार से भी मिले थे।

कई दलों में रह चुके हैं मौर्य

स्वामी प्रसाद मौर्य लंबे समय तक बहुजन समाज पार्टी में रहे और मायावती सरकार में मंत्री रहे। इसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थामा और भाजपा सरकार में भी मंत्री पद संभाला। भाजपा से अलग होने के बाद वह समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।

बाद में उन्होंने सपा से अलग होकर अपनी नई पार्टी ‘अपनी जनता पार्टी’ का गठन किया। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button