SIR 2026 यूपी वोटर लिस्ट: नाम जोड़ने-कटवाने की समयसीमा बढ़ी, 1 दिन में 3.51 लाख आवेदन
“SIR 2026 यूपी वोटर लिस्ट के तहत नाम जुड़वाने और कटवाने की समयसीमा बढ़ा दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि एक दिन में 3.51 लाख आवेदन मिले। अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित होगी।”
लखनऊ। SIR 2026 यूपी वोटर लिस्ट अभियान को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को लोकभवन स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अहम जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) 2026 के तहत दावा-आपत्ति की समयसीमा बढ़ा दी गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अब नाम जोड़ने या हटाने की अंतिम तिथि 6 मार्च 2026 होगी, जिसे पहले 6 फरवरी तय किया गया था। इसके साथ ही सुनवाई की प्रक्रिया अब 27 मार्च तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
नवदीप रिणवा के अनुसार, फॉर्म-6 के तहत 37 लाख 80 हजार 414 आवेदन नाम जुड़वाने के लिए प्राप्त हुए हैं, जबकि फॉर्म-7 के तहत 82,684 आपत्तियां नाम हटाने के लिए दर्ज की गई हैं। खास बात यह रही कि 5 फरवरी को सिर्फ एक दिन में 3,51,501 आवेदन प्राप्त हुए, जो अब तक का रिकॉर्ड है।
उन्होंने बताया कि 3 करोड़ 26 लाख मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिनमें से 2.37 करोड़ नोटिस जनरेट हो चुके हैं। वहीं 30.30 लाख मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि फॉर्म-8 का उपयोग नाम संशोधन, पता परिवर्तन, दिव्यांगता दर्ज करने और EPIC कार्ड/मोबाइल नंबर अपडेट के लिए किया जाता है। अब तक 9,50,498 फॉर्म-8 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए AERO की संख्या बढ़ाकर 8990 और ARO की संख्या 403 कर दी गई है। प्रदेशभर में लगभग 5.80 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) तैनात हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी BLO के साथ दुर्व्यवहार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मतदाता सुनवाई में स्वयं उपस्थित न हो पाने की स्थिति में कोई भी परिजन प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित हो सकता है।


