Breaking NewsE-paperअयोध्याराजनीति

राम मंदिर में करोड़ों के चढ़ावा चोरी के बाद सुरक्षा कड़ी, बदला जाएगा गणना कक्ष

अयोध्या के राम मंदिर में करोड़ों रुपये के चढ़ावे की चोरी के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुरक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। अब चढ़ावे की गणना परकोटे के बेसमेंट में होगी और श्रद्धालु एलईडी स्क्रीन के माध्यम से पूरी प्रक्रिया देख सकेंगे।

अयोध्या। राम मंदिर परिसर से करोड़ों रुपये के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए बड़े बदलाव शुरू कर दिए हैं। ट्रस्ट अब चढ़ावे की गणना के लिए बनाए गए गणना कक्ष को यात्री सुविधा केंद्र से हटाकर परकोटे के बेसमेंट में स्थानांतरित करने की तैयारी कर रहा है। नए सिस्टम के तहत श्रद्धालु एलईडी स्क्रीन के जरिए चढ़ावे की गणना की पूरी प्रक्रिया प्रत्यक्ष रूप से देख सकेंगे।

एलईडी स्क्रीन पर दिखेगी चढ़ावे की गिनती

ट्रस्ट का उद्देश्य चढ़ावे की गणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना है। नए गणना कक्ष में होने वाली पूरी गिनती का सीधा प्रसारण परकोटे में लगी एलईडी स्क्रीन पर किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु स्वयं देख सकें कि उनके द्वारा अर्पित धन की गणना किस प्रकार की जा रही है। इससे श्रद्धालुओं का विश्वास और पारदर्शिता दोनों मजबूत होने की उम्मीद है।

गणनाकर्मियों पर होगी बहुस्तरीय निगरानी

नए गणना केंद्र में प्रवेश करने वाले सभी गणनाकर्मियों को कई स्तरों की सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति को गणना कक्ष में प्रवेश नहीं मिलेगा। कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के आने-जाने का अलग रजिस्टर भी तैयार किया गया है, जिससे हर गतिविधि का रिकॉर्ड रखा जा सके।

हर दिन बदलेंगे सुरक्षा कर्मी

चढ़ावा चोरी की घटना के बाद निजी सुरक्षा एजेंसी ने भी अपनी व्यवस्था में बदलाव किया है। अब गणना कक्ष और उसके आसपास तैनात सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी प्रतिदिन बदली जा रही है। किसी भी सुरक्षा कर्मी को लगातार एक ही स्थान पर तैनात नहीं किया जा रहा। बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर, यात्री सुविधा केंद्र और गणना कक्ष की सुरक्षा में 20 से अधिक सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं, जिनकी तैनाती रोज बदली जाती है।

एसआईटी रिपोर्ट के बाद बढ़ी सतर्कता

सूत्रों के अनुसार, विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद ट्रस्ट और सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। पहले जहां कुछ सुरक्षा कर्मी लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनात रहते थे, वहीं अब रोटेशन प्रणाली लागू कर दी गई है। इसके अलावा गणना कक्ष में केवल अधिकृत कर्मचारियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

एक ही पाली में होगी चढ़ावे की गणना

नई व्यवस्था के तहत अब चढ़ावे की गणना केवल एक पाली में कराई जा रही है। पहले की तुलना में कम कर्मचारियों की टीम यह कार्य करेगी। साथ ही यात्री सुविधा केंद्र का नया प्रभारी जगदीश आफले को बनाया गया है, जो गणना के बाद धनराशि का सत्यापन भी करेंगे।

चंपत राय से मिलने पहुंचे संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी

इस बीच, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निवर्तमान महासचिव चंपत राय से मिलने वालों का सिलसिला भी जारी है। संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल और प्रांत विचारक कौशल किशोर ने उनसे मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, बैठक में ट्रस्ट की नई कार्यप्रणाली, राम मंदिर से जुड़े विकास कार्यों और 30 जुलाई को अयोध्या में प्रस्तावित संतों की बैठक सहित हालिया घटनाक्रम पर चर्चा हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button