Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशभारतराजनीतिलखनऊसमाचार

महाशिवरात्रि पर सीएम योगी का रुद्राभिषेक, जनता दरबार में 150 फरियादियों से मिले

“महाशिवरात्रि के अवसर पर गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर लोकमंगल की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद जनता दरबार में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।”

गोरखपुर। महाशिवरात्रि पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक कर प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।

मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व शहर के प्रमुख शिवालयों—मुक्तेश्वरनाथ मंदिर और झारखंडी महादेव मंदिर—में भी दर्शन-पूजन किया। रविवार को उन्होंने मानसरोवर मंदिर तथा पितेश्वरनाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक कर लोककल्याण की कामना की।

जनता दरबार में सुनी 150 लोगों की समस्याएं

महाशिवरात्रि के अवसर पर पूजा-अर्चना के साथ ही मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दरबार में करीब 150 फरियादियों से मुलाकात की। उन्होंने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि हर मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि जांच में गलत रिपोर्ट लगाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

सीएम योगी ने दो टूक कहा कि पीड़ितों की मदद में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही अक्षम्य होगी। जमीन कब्जाने और अन्य गंभीर शिकायतों पर विधिसम्मत कठोर कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ आए बच्चों को स्नेहपूर्वक चॉकलेट देकर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने फरियादियों को आश्वस्त किया कि किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है और सरकार हर समस्या का प्रभावी समाधान कराएगी।

Related Articles

Back to top button