Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

राजनाथ सिंह ने महिला पायलटों की सराहना की, बोले- ऑपरेशन सिंदूर में निभाई अहम भूमिका

लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर में महिला पायलटों की भूमिका की सराहना की। रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण और 100.92 करोड़ की छावनी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ।

लखनऊ। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय महिला पायलटों की भूमिका की सराहना की। लखनऊ में रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि देश की बेटियों ने आतंकवाद के खिलाफ अभियानों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर तक चलाए गए आतंकवाद विरोधी अभियानों में भारतीय महिला पायलटों ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि ये नए भारत की महिलाएं हैं और सरकार उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर और सुरक्षा उपलब्ध करा रही है।

सैनिक स्कूलों में बेटियों के लिए खुले दरवाजे

रक्षा मंत्री ने कहा कि अब बेटियों के लिए सैनिक स्कूलों के दरवाजे भी खोल दिए गए हैं। सेना और सुरक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को उन्होंने देश की बदलती तस्वीर का हिस्सा बताया।

उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।

रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण

कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि रानी अवंतीबाई ने विपरीत परिस्थितियों में नेतृत्व करते हुए ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ संघर्ष किया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, शौर्य, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा बनेगी।

लखनऊ छावनी में 100.92 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास

इससे पहले दिलकुशा लॉन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लखनऊ छावनी को मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए 100.92 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास किया गया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सोच और दिशा एक जैसी होने पर विकास कार्यों की गति कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने लखनऊ के विकास को पूरे उत्तर प्रदेश की प्रगति से जोड़कर देखने की बात कही।

योगी बोले- साल के अंत तक साफ होगी गोमती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के विकास और गोमती नदी की सफाई का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि इस साल के अंत तक गोमती नदी पूरी तरह साफ हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदी की सफाई के साथ शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी काम जारी है।

योगी ने कहा कि लखनऊ ने अपनी विरासत को सुरक्षित रखते हुए स्मार्ट सिटी के रूप में नई पहचान बनाई है। किसान पथ और आधुनिक सड़कों का उल्लेख करते हुए उन्होंने शहर में हुए बदलावों को भी रेखांकित किया।

ब्रह्मोस निर्माण से रक्षा क्षेत्र में नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ अब ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का भी केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में ब्रह्मोस जैसी आधुनिक मिसाइलों के निर्माण से लखनऊ की नई पहचान बन रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से लखनऊ छावनी में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी और छावनी परिषद को विकास के लिए फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी।

अटल के सपने को आगे बढ़ा रहे राजनाथ: ब्रजेश पाठक

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का लखनऊ को संवारने का सपना था, जिसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने लखनऊ में लगातार चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख किया।

कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने भी सशस्त्र बलों में चयन की तैयारी से जुड़े सफल प्रयोग का उल्लेख किया और इसे लखनऊ में लागू करने की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button