राजनीति भोग नहीं, त्याग है… BJP अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का पहला बड़ा संदेश
“BJP अध्यक्ष नितिन नबीन ने पद संभालने के बाद अपने पहले भाषण में कहा कि राजनीति सत्ता या भोग नहीं, बल्कि त्याग, साधना और तपस्या है। उन्होंने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी की अपील की।”
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पदभार संभालने के बाद अपने पहले संबोधन में पार्टी की विचारधारा, कार्यकर्ताओं की भूमिका और युवाओं की जिम्मेदारी पर स्पष्ट और सशक्त संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में नितिन नबीन ने कहा कि राजनीति सत्ता या भोग नहीं, बल्कि त्याग, साधना और तपस्या का मार्ग है।
‘भारत माता की जय’ से की शुरुआत
नितिन नबीन ने अपने पहले भाषण की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ और पार्टी के नारे के साथ की। उन्होंने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों को स्मरण करते हुए कहा कि
-
राजनाथ सिंह ने हर कार्यकर्ता से जुड़ने की संस्कृति विकसित की
-
नितिन गडकरी ने संगठन के हर मोर्चे को मजबूत किया
युवाओं को राजनीति में आने का आह्वान
नितिन नबीन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि“राजनीति से दूरी समाधान नहीं है, सक्रिय भागीदारी ही समाधान है।”
उन्होंने राजनीति को 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि लंबी मैराथन बताया और कहा कि इसमें गति से ज्यादा स्टैमिना और धैर्य की आवश्यकता होती है। युवाओं को अपनी जड़ों को मजबूत कर राजनीति की पिच पर उतरने की सलाह दी।
कार्यकर्ताओं को बताया पार्टी की रीढ़
अपने भाषण में नितिन नबीन ने कहा कि अगर आज BJP दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, तो इसके पीछे
-
मजबूत विचारधारा
-
प्रेरणादायी नेतृत्व
-
और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत
सबसे बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि BJP का कार्यकर्ता कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्रध्वज को झुकने नहीं देता।
‘राजनीति सत्ता नहीं, साधना है’
अपने संबोधन की सबसे अहम पंक्तियों में नितिन नबीन ने कहा—“हम ऐसे दल से जुड़े हैं, जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है।
राजनीति भोग नहीं, त्याग है।
राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है।
राजनीति पद नहीं, उत्तरदायित्व है।”
आगामी चुनावों पर संदेश
नितिन नबीन ने कहा कि अगले कुछ महीनों में तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी में चुनाव होने हैं। उन्होंने इन राज्यों में बदलती डेमोग्राफी को चुनौती बताते हुए भरोसा जताया कि BJP कार्यकर्ता अपने परिश्रम और संघर्ष के दम पर पार्टी को मजबूत बनाएंगे।
नड्डा का बयान
पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यक्रम में कहा कि“आज का दिन ऐतिहासिक है। युवा, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली नितिन नबीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। यह BJP की कार्यकर्ता-आधारित नेतृत्व प्रणाली का प्रमाण है।”


