Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशभारतराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

लखनऊ अग्निकांड: कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, 18 की मौत; पीएम ने किया मुआवजे का एलान

अलीगंज के कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में मची चीख-पुकार, 14 बच्चों समेत कई लोगों की गई जान, सीएम योगी ने लौटकर संभाला मोर्चा

लखनऊ के अलीगंज स्थित कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लगने से 18 लोगों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। सेक्टर-डी स्थित एक बहुमंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे भवन में संचालित कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, गेमिंग जोन और पेट शॉप आग की चपेट में आ गए। हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 14 बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब तीन बजे ग्राउंड फ्लोर पर स्थित पेट शॉप के साइन बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी गिरफ्त में ले लिया। उस समय इमारत में बड़ी संख्या में छात्र, कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद थे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

पीछे की दीवार तोड़कर बचाई गई कई जिंदगियां

आग की भयावहता को देखते हुए राहत एवं बचाव दल ने भवन के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर फंसे छात्रों को बाहर निकाला। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण समेत जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य की निगरानी करते रहे।

दमकल विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

“एक घंटे में सब खत्म हो गया”

गेमिंग जोन में कार्यरत भुवन कुमार ने बताया कि हादसे में उनके चचेरे भाई आदित्य की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आग लगने के काफी देर बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं गेमिंग जोन के कर्मचारी पंकज कुमार ने बताया कि आग पहले पेट शॉप के बोर्ड में लगी थी और लगभग 30 मिनट के भीतर दूसरी मंजिल तक पहुंच गई।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक, आर्थिक सहायता का एलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

सूचना मिलते ही कार्यक्रम छोड़ लखनऊ लौटे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उस समय अलीगढ़ में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपने शेष कार्यक्रम रद्द कर दिए और तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में पूरी तत्परता बरतने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मायावती ने जताई चिंता

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी दर्दनाक घटनाएं कई परिवारों की उम्मीदों को बिखेर देती हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभागों को गंभीरता से काम करना होगा और केवल आरोप-प्रत्यारोप से समस्या का समाधान नहीं होगा।

जानवर भी बने हादसे का शिकार

कॉम्प्लेक्स में संचालित पेट शॉप में मौजूद बड़ी संख्या में कुत्ते और बिल्लियां भी आग की चपेट में आ गईं। दम घुटने और झुलसने से कई जानवरों की मौत हो गई, जिससे पशु प्रेमियों में भी गहरा दुख है।

जांच के घेरे में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था

हादसे के बाद प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि भवन में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं तथा आपातकालीन निकास मार्ग और फायर सेफ्टी उपकरण मानकों के अनुरूप थे या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button