JPNIC पर CM योगी का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, बोले- ‘भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक बना दिया था’

JPNIC विवाद पर CM योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव और सपा पर बड़ा हमला बोला। योगी ने JPNIC को भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक बताते हुए 864 करोड़ रुपये खर्च का मुद्दा उठाया।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को लेकर समाजवादी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में JPNIC को निजी राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना दिया गया था।
सीएम योगी ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम पर बने JPNIC को “भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक” बना दिया गया था। उनके मुताबिक करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुई परियोजना पर 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद काम अधूरा रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पैसा किसी राजनीतिक दल या परिवार का नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की गाढ़ी कमाई है। उन्होंने सरकारी धन के कथित दुरुपयोग की जांच और धनराशि की वसूली के प्रयास की बात भी कही।
JPNIC पर कमेटी को लेकर भी सवाल
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि JPNIC पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए तत्कालीन सपा सरकार में एक कमेटी बनाई गई थी। मुख्यमंत्री के अनुसार इस कमेटी में अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, अखिलेश यादव के निजी सचिव और सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी शामिल थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस कमेटी को भंग कर JPNIC को अपने नियंत्रण में लिया है। अब लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के मार्गदर्शन में इसके संचालन की दिशा में काम किया जाएगा।
सपा सरकार पर दंगा-कर्फ्यू और जातीय राजनीति का आरोप
मुख्यमंत्री ने सपा की पिछली सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस दौर में दंगा, कर्फ्यू और जातीय राजनीति प्रदेश की पहचान बन गए थे। उन्होंने पीडीए के नाम पर समाज को जातियों में बांटने का भी आरोप लगाया।
मिशन शक्ति का किया जिक्र
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वाभिमान और स्वावलंबन के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण मिलने से बेटियों का आत्मविश्वास मजबूत होता है।
अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का लोकार्पण
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इसे भारतीय नारी के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताया।




