लखनऊ में जनता दर्शन, CM Yogi बोले- निवेश में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
“CM Yogi Adityanath Janata Darshan: लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उद्यमियों के मामलों पर सख्ती दिखाई और बच्चों को पढ़ाई व खेल का संदेश दिया।”
लखनऊ, उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए फरियादियों से मुलाकात की। उन्होंने हर प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर पीड़ित की समस्या का समाधान जनपद स्तर पर ही सुनिश्चित हो। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि लखनऊ आने से पहले जिला और मंडल स्तर के अधिकारियों से संपर्क करें।
उद्यमियों की समस्याओं पर सख्ती
जनता दर्शन के दौरान कुछ उद्यमियों ने अपनी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) और जिला प्रशासन को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए बेहतर इकोसिस्टम और सिंगल विंडो सिस्टम लागू है। निवेश और उद्योग विकास में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्राथमिक विद्यालयों में फिजिकल एजुकेशन पर सकारात्मक संकेत
कार्यक्रम में एक नागरिक ने बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा अनिवार्य करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि खेल और शारीरिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। संबंधित विभाग को इस पर कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही गई।
बच्चों से संवाद: पढ़ो भी, खेलो भी
जनता दर्शन में अभिभावकों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से कहा—
“मन लगाकर पढ़ो, खूब खेलो और खेलकर खिलते रहो।”
मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट देकर उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद भी दिया।



