Breaking NewsE-paperउत्तर प्रदेशनई दिल्लीबिज़नेसभारतराज्यलखनऊसमाचार

सीतापुर में 50 एकड़ में बनेगा सरदार पटेल स्पेशल इकोनॉमिक जोन, सरकार ने दी मंजूरी

सीतापुर में 50 एकड़ में सरदार पटेल स्पेशल इकोनॉमिक जोन को मंजूरी। उद्योग, निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, यूपी की वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था को मजबूती।

सीतापुर। औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने सीतापुर में 50 एकड़ में सरदार पटेल विशेष आर्थिक जोन (SEZ) की स्थापना को मंजूरी दे दी है। यह जोन जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस जोन में उद्योगों की स्थापना के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही कामगारों के प्रशिक्षण की भी व्यवस्था होगी। प्रस्तावित परियोजना के तहत जिला उद्योग केंद्र का कार्यालय भी इसी परिसर में स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए नगर के आसपास भूमि की तलाश की जा रही है।

निवेश को मिलेगा नया आधार

वर्ष 2022 की इन्वेस्टर्स समिट में जिले को 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से करीब 249 उद्योग स्थापित हो चुके हैं और लगभग 27 हजार करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। इसके अलावा करीब 5 हजार करोड़ रुपये के अतिरिक्त प्रस्ताव भी मिले हैं।

सिंगल विंडो सुविधा होगी लागू

प्रस्तावित जोन में उद्योगों को विभिन्न स्वीकृतियां दिलाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा। साथ ही तकनीकी संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए एक अलग प्रकोष्ठ भी बनाया जाएगा।

युवाओं को मिलेगा रोजगार

परियोजना के माध्यम से जिले में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यह जोन विनिर्माण, आईटी, स्टार्टअप, प्रबंधन और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देगा।

वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में कदम

सरकार का मानना है कि यह विशेष आर्थिक जोन प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में अहम भूमिका निभाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इससे जिले की औद्योगिक साख और मजबूत होगी तथा निवेशकों को बेहतर माहौल मिलेगा।

Related Articles

Back to top button