योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 वर्ष की थीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर में निधन। लंबे समय से थीं अस्वस्थ।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई महेंद्र सिंह ने की है।
जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनका इलाज पैतृक गांव पंचूर में ही किया जा रहा था। शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।
2020 में हुआ था योगी के पिता का निधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उस समय देश में कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन लागू था। कोविड प्रोटोकॉल और उत्तर प्रदेश में कोरोना संकट की स्थिति को देखते हुए योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। उन्होंने उस समय कहा था कि प्रदेश की जनता की जिम्मेदारी और कोरोना संकट के कारण वह पिता के अंतिम दर्शन के लिए नहीं पहुंच पाएंगे।
चार भाई और तीन बहनों में सबसे बड़े हैं योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार में चार भाई और तीन बहनें हैं। उनके भाइयों में मानेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह और शैलेंद्र मोहन शामिल हैं। वहीं उनकी बहनों के नाम पुष्पा देवी, कौशल्या देवी और शशि देवी हैं।
योगी आदित्यनाथ की अपनी मां सावित्री देवी से मुलाकात की तस्वीरें पहले भी सामने आती रही हैं। करीब दो साल पहले मुख्यमंत्री अपनी मां से मिलने एम्स ऋषिकेश पहुंचे थे। उस दौरान उनकी मां की तस्वीरें भी चर्चा में रही थीं।
सावित्री देवी के निधन से परिवार में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन की खबर से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।




