Breaking NewsE-paperMain Slidesउत्तर प्रदेशराजनीतिराज्यलखनऊसमाचार

बांदा में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- बुंदेलखंड को बनाएंगे धरती का स्वर्ग

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा दौरे में 710 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने बुंदेलखंड के विकास, कानून व्यवस्था, डिफेंस कॉरिडोर और सपा-कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा दौरे के दौरान जिले को 710 करोड़ रुपये से अधिक की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कालूकुआं चौराहे पर रानी अवंती बाई की प्रतिमा का अनावरण किया और जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बुंदेलखंड के विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार बुंदेलखंड का दौरा किया था, तब यह क्षेत्र पलायन, पानी की कमी, डकैतों, भूमाफिया, खनन माफिया और अविकास की पहचान बन चुका था। आज वही बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, डिफेंस कॉरिडोर, बेहतर सड़क, सिंचाई, पेयजल और रोजगार के नए अवसरों के साथ विकास की नई तस्वीर पेश कर रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य बुंदेलखंड को देश का सबसे विकसित क्षेत्र बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास और विरासत संरक्षण से जुड़े प्रत्येक प्रस्ताव पर सरकार सकारात्मक निर्णय लेकर बुंदेलखंड को “धरती का स्वर्ग” बनाएगी।

सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में मंदिरों के विकास की बजाय कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर धन खर्च किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि यही कारण है कि विपक्ष राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट और नैमिषारण्य जैसे धार्मिक स्थलों के विकास का विरोध करता है।

मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश डकैत, माफिया, दंगा और कर्फ्यू की पहचान से बाहर निकल चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और उपद्रव के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है तथा महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने डिफेंस कॉरिडोर और ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बुंदेलखंड अब देश की सुरक्षा और रक्षा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि ओडीओपी योजना के माध्यम से बांदा का प्रसिद्ध शजर पत्थर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीडा (Bundelkhand Industrial Development Authority) के माध्यम से बुंदेलखंड को उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे भविष्य में स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा और पलायन पूरी तरह समाप्त होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button